खेलो इंडिया विंटर गेम्स में हिमाचल की पुरुष व महिला आइस हॉकी टीमों ने कांस्य पदक जीते
खेलो इंडिया विंटर गेम्स में हिमाचल की पुरुष व महिला आइस हॉकी टीमों ने कांस्य पदक जीते
शिमला: खेलो इंडिया विंटर गेम्स में हिमाचल प्रदेश की पुरुष व महिला आइस हॉकी टीमों ने कांस्य पदक जीता है। लेह में हुई यह खेलो इंडिया विंटर गेम्स 5वीं बार आयोजित हुईं, जबकि हिमाचल प्र्रदेश की टीम ने चौथी बार इन गेम्स में भाग लिया था। यह प्रतियोगिता 23 से 27 जनवरी तक आयोजित हुई। बुधवार को खिलाड़ी पहुंचे। इस दौरान पत्रकार वार्ता में आइस हॉकी एसोसिएशन ऑफ हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष अभय डोगरा और महासचिव रजत मल्होत्रा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश की महिला व पुुरुष आइस हॉकी टीमों का प्रदर्शन खेलो इंडिया विंटर गेम्स में शानदार रहा। उन्होंने बताया कि पिछली बार भी हिमाचल की टीम ने कांस्य पदक हासिल किया था और इस बार भी कांस्य पदक ही हासिल किए, लेकिन इस बार बीते वर्षों की तुलना में इस बार हिमाचल की टीमों का प्रदर्शन काफी बेहतर रहा। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में नैशनल गेम्स आइस हॉकी का शैड्यूल भी जारी होने वाला है और यह गेम्स देहरादून में होंगी और उम्मीद है कि हिमाचल की टीमें इन गेम्स में अच्छा प्रदर्शन पदक हासिल करेंगी। हिमाचल की पुरुष आइस हॉकी टीम के कप्तान प्रणव डोगरा और असिस्टैंट कप्तान सोनम छेरिंग ने बताया कि इस बार टीम का प्रदर्शन पिछले बार के मुकाबले काफी अच्छा रहा। उन्होंने कहा कि जो कमी रहे गई है वे इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के लिए खिलाडिय़ों को आइस रिंक बहुत कम मिलता है। उन्होंने कहा कि लेह-लद्दाख, आई.टी.बी.पी. और आर्मी की टीमें जिनसे हिमाचल की टीम हारी है, उनके पास बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर है और उन्हें वर्ष में 10 से 12 महीने प्रशिक्षण के लिए आइस रिंक मिलता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में अगर इंफ्रास्ट्रक्चर बेहतर होता है तो हिमाचल की टीम और बेहतर प्रदर्शन कर सकती है। उन्होंने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि अगर हिमाचल के खिलाडिय़ों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर के कैंप के लिए भेज सके तो प्रदर्शन में और निखार आ सकेगा और उपकरणों की खरीद में भी सरकार से मिले तो खिलाडिय़ों को सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि शिमला व काजा में ऑल वैदर आइस स्केटिंग के रिंक बनाने की योजना शीघ्र सिरे चढ़ाई जाए। हिमाचल की पुरुष आइस हॉकी की टीम हिमाचल प्रदेश की पुरुष आइस हॉकी टीम में डोगरा स्काऊट्स के 12 खिलाड़ी शामिल हैं, जबकि शिमला से 2 और 5 खिलाड़ी काजा से हैं। टीम में शिमला से प्रणव डोगरा व अभिमन्यु शर्मा के अलावा काजा से नवांग कुन्गा, तंजिन जांगपो, कुन्गा वांगपो, तंजिन ताशी व तेंजिन लोकसल शामिल हैं। इसके अलावा डोगरा स्काऊट्स से रमेश कुमार, अभिषेक राठौर, डोरजे, नरेंद्र, राहुल, छिमेत, सोनम, अजय, छेरिंग गेलसन, अभिषेक ठाकुर, कुंनजैंग छेरिंग व सोनम छेरिंग शामिल हैं। हिमाचल की महिला आइस हॉकी की टीम हिमाचल की महिला आइस हॉकी की टीम में 1 खिलाड़ी किन्नौर से है, जबकि शेष सभी खिलाड़ी काजा से हैं। किन्नौर की रिगजिन डोलमा के अलावा काजा से छेरिंग डोलमा, छेरिंग येंगछेन, कुन्गा छोडोन, कुन्गा येंगछेन, नवांग लामो, नवांग लिनजोम, पदमा, प्रियंका ठाकुर, रिगजिन, सोनम, एंगमो, तंजिन एंगमो, तंजिन डेगयोंग, तंजिन डोलमा, तंजिन डोलमा, तंजिन सालडोन, तंजिन छोडोन, जेडेहन तंजिन छोडोन, पदमा छोमो व तेंजिन येशे शामिल हैं।