मुंबई : गेटवे ऑफ इंडिया के पास नाव पलटी; 3 नौसैनिक समेत 13 लोगों की मौत
मुंबई : गेटवे ऑफ इंडिया के पास नाव पलटी; 3 नौसैनिक समेत 13 लोगों की मौत
मुंबई में स्थित प्रसिद्ध गेटवे ऑफ इंडिया के पास समुद्र में यात्रियों से भरी एक नाव पलट गई है। पुलिस ने भी इस घटना के बारे में जानकारी साझा की है। पुलिस ने कहा है कि समुद्र में यात्रियों से भरी नौका पलट गई है। पुलिस ने कहा है कि जो नाव पलटी उस पर कुल 100 से ज्यादा यात्री सवार थे। इनमें 5 क्रू के सदस्य थे। इस हादसे में अब तक 13 व्यक्ति की मौत की खबर सामने आ रही है। इनमें से 3 नेवी के लोग भी हैं। वहीं, 2 लोग क्रिटिकल बताए जा रहे हैं।
हादसे को लेकर नौसेना ने बयान जारी कर बताया कि आज दोपहर भारतीय नौसेना के एक जहाज ने इंजन की खराबी के कारण मुंबई हार्बर में इंजन परीक्षण के दौरान नियंत्रण खो दिया। परिणामस्वरूप, नाव एक यात्री नौका से टकरा गई और पलट गई। नौसेना के बयान में आगे बताया गया कि हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत की सूचना मिली है। घटनास्थल से बचाए गए लोगों को पास के अस्पतालों में ले जाया जा रहा है। खोज और बचाव अभियान तुरंत शुरू कर दिया गया है, जिसमें 4 नौसेना हेलीकॉप्टर, 11 नौसेना के जहाज, एक तटरक्षक नाव और तीन समुद्री पुलिस के जहाज जीवित बचे लोगों को निकालने के लिए काम पर लगाए गए हैं।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नौसेना के वाईस एडमिरल संजय जगजीत सिंह से मिली जानकारी के आधार पर बताया कि नीलकमल कंपनी की बोट गेट वे ऑफ इंडिया से बुधवार 3.55 बजे एलिफेंटा द्वीप के लिए रवाना हुई। उरण और करंजा (बूचर द्वीप) के पास पहुंचने पर नौसेना की एक तेज रफ्तार छोटी नाव आकर नीलकमल बोट से टकरा गई जिससे वह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वाईस एडमिरल ने मुख्यमंत्री को बताया कि शाम 7 बजे तक 13 लोगो को मृत घोषित किया गया है जिसमे 3 नौसेना के जवान और 10 नागरिक शामिल हैं। वहीं, 2 की हालत गंभीर है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने बोट हादसे में मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता घोषित की है। उन्होंने कहा कि यह राशि मुख्यमंत्री सहायता निधि से प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस घटना की विस्तृत जांच होगी। नौसेना के साथ पुलिस भी मामले की जांच करेगी।