हिमाचल: प्रदेश के कई भागों में 1 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट…

हिमाचल: प्रदेश के कई भागों में छह दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट है। उधर, बीती रात को प्रदेश के कई भागों में भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के कुछ स्थानों पर 26 जुलाई से 1 अगस्त तक भारी बारिश का येलो अलर्ट है। 28 जुलाई से अधिकतर भागों में बारिश होने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर,कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन व सिरमौर जिले में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। किन्नौर, लाहुल-स्पीति व कुल्लू जिले के लिए कोई अलर्ट नहीं है।

शिमला में गुरुवार देर रात और शुक्रवार सुबह हुई बारिश से कई जगहों में भूस्खलन होने की वजह से शहर की कई सड़कें बंद हो गईं। भूस्खलन के कारण अनाडेल सड़क सभी तरह के वाहनों के लिए बंद कर दी गई। इस सड़क पर नाग देवता मंदिर के पास भूस्खलन हो गया है। सड़क का हिस्सा धंसने से इस पर आवाजाही बंद करनी पड़ी है। अब यहां डंगा लगाकर ही सड़क बहाल होगी।

टूटीडी वार्ड के पांजड़ी इलाके में भी सड़क पर मलबा आने से आवाजाही बंद हो गई है। यहां बारिश से और भूस्खलन होने का खतरा बना हुआ है। यहां एक चीड़ का पेड़ भी उखड़ गया।  शहर के साथ लगते बड़श इलाके में भी पहाड़ी से पत्थर गिरने से सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है। पहाड़ी से लगातार पत्थर गिर रहे हैं और यहां भूस्खलन का बन हुआ है। पत्थर गिरने से यहां सड़क किनारे खड़ी दो कारों को नुकसान पहुंचा है। एक कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed