उपमुख्यमंत्री बोले- भाजपा ने प्रदेश की जनता पर उपचुनाव थोपे हैं
उपमुख्यमंत्री बोले- भाजपा ने प्रदेश की जनता पर उपचुनाव थोपे हैं
शिमला: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में प्रेस वार्ता में कहा कि सत्ता के लालच के लिए भाजपा ने प्रदेश पर नौ विधानसभा उपचुनाव थोपे हैं। अब कोर्ट में विचाराधीन मुख्य संसदीय सचिवों के मामले को उठाया जा रहा है। स्वस्थ लोकतंत्र के लिए इस प्रकार की घटनाएं ठीक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की साजिश के चलते छह-सात विधायक अब पूर्व विधायक बन गए हैं। नेता विपक्ष जयराम ठाकुर इतनी जल्दबाजी में हैं कि शार्टकट से सत्ता तक पहुंचना चाहते हैं। होशियार सिंह, आशीष शर्मा और केएल ठाकुर निर्दलीय विधायक होते हुए किसी भी दल के साथ रहने के लिए आजाद थे। इन तीनों ने किन कारणों से इस्तीफे दिए। इस साजिश में कौन-कौन शामिल थे। अब दोबारा चुनाव क्यों लड़े जा रहे हैं। इसको लेकर इन्हें स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। भाजपा को सरकार को अस्थिर करने के लिए रची गई साजिश के लिए जनता से माफी मांगनी चाहिए। मुकेश ने कहा कि देहरा सीट कांग्रेस के लिए चुनौती रही है। इस सीट को अब कांग्रेस भारी बहुमत से जीतने वाली है। नालागढ़ और हमीरपुर में भी कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत होगी। इतिहास में पहली बार विधायकी छोड़कर फिर विधायक बनने के लिए देहरा, नालागढ़ और हमीरपुर में चुनाव लड़ा जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि झूठ बोलने से चुनाव नहीं जीते जाते। नेता विपक्ष रोज हताशा में नए-नए बयान दे रहे हैं। पहले कहा-पुरानी पेंशन योजना बंद हो जाएगी। फिर कहा-महिलाओं को 1500 रुपये नहीं मिलेंगे। अब कह रहे हैं कि घरेलू उपभोक्ताओं को प्रतिमाह मिलने वाली 125 यूनिट निशुल्क बिजली की सब्सिडी बंद होने जा रही है। बिजली सब्सिडी बंद करने के बयान से राज्य सरकार नहीं गिरेगी।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर जुबानी हमला करते हुए कहा कि प्रदेश में उपचुनाव भाजपा की लालसा, ऑपरेशन लोटस और जयराम ठाकुर के अति उतावलेपन ने थोपे हैं। यहां जारी बयान में उन्होंने कहा कि आज उपचुनाव में लगातार जयराम ठाकुर पूछ रहे हैं कि यह चुनाव किसने थोपे हैं। कह रहे हैं कि सरकार की गलती है। मुकेश ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष भूल गए हैं कि यह चुनाव थोपने का आइडिया जयराम का है। पहले छह विधायकों को बर्खास्त करवाया, फिर तीन आजाद, जिनको त्यागपत्र देने की कोई जरूरत नहीं थी, उनसे त्यागपत्र दिलवाकर चुनाव लड़वा रहे हैं।
सभी को भाजपा ने टिकट दिया। इससे साफ है कि भाजपा ने प्रदेश की जनता पर उपचुनाव थोपे हैं। उन्होंने कहा कि केवल उपचुनाव ही नहीं थोपे, बल्कि आचार संहिता के चलते जो विकास कार्य रुके, उसके लिए भी भाजपा दोषी है। निर्दलीय विधायकों के त्यागपत्र का कोई कारण समझ नहीं आता है। यह त्यागपत्र भाजपा ने दबाव में डील के तहत करवाए। राजनीतिक मंडी में जो बिक रहा था, भाजपा खरीदने वाली थी और चुनाव थोप दिया। अग्निहोत्री ने कहा कि पहले जनता ने छह उपचुनावों में से चार पर कांग्रेस को जिताकर सरकार को मजबूत किया। अब तीनों उपचुनाव भी कांग्रेस ही जीतेगी। प्रदेश में कांग्रेस की मजबूत सरकार होगी।