प्रदेश में मौसम के फिर बिगड़ने की संभावना

शिमला : भूस्खलन की चपेट में आया मकान, दंपति व बच्चे की मौत

शिमला: प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से भारी नुकसान हो रहा है। बीती रात कुमारसेन उपमंडल की मधावनी पंचायत के पनेवली गांव में पहाड़ी से भारी भूस्खलन होने के कारण एक मकान मलबे में दब गया। घटना के वक्त घर के एक कमरे में सोए तीन लोगों की जिंदा दबने से मौत हो गई। पुलिस, प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे शवों को बाहर निकाला।वहीं इस घटना में दो लोगों ने भागकर जान बचाई। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार की फौरी मदद जारी की है। मकान के नुकसान के लिए 25 हजार रुपये की फौरी राहत राशि जारी की गई है। पुलिस थाना कुमारसैन से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह करीब पांच बजे पनेवली गांव के ऊपर पहाड़ी से अचानक भूस्खलन हुआ और जयचंद का मकान मलबे की चपेट में आ गया।

हादसे के वक्त जयचंद और उसकी पत्नी की नींद खुली और घर से बाहर भाग गए।वहीं साथ लगते कमरे में उसकी बेटी, बहू और पोते के नींद में होने के चलते भूस्खलन का कोई पता न लगा और तीनों मलबे में दब गए। इस हादसे में मकान के चार कमरे पूरी तरह से भूस्खलन की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। हादसे की सूचना जैसे ही प्रशासन और पुलिस को लगी तो वह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे शवों को बाहर निकाला गया। हादसे में अनिल कपूर (32) पुत्र जयचंद, किरण (28) पत्नी अनिल कपूर और उनके 11 वर्षीय बेटे स्वपनिल की मौके पर ही मौत हो गई। 

सम्बंधित समाचार

Comments are closed