शिमला: शिमला हाई अल्टीट्यूट हाफ मेराथन दौड़ एक जनवरी, 2016 को ऐतिहासिक रिज मैदान पर आयोजित की जाएगी। अतिरिक्त उपायुक्त शिमला यूनुस ने आज इस संदर्भ में हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह जानकारी दी। यूनुस ने कहा कि 21 किलोमीटर पुरूष व 10 किलोमीटर महिलाओं के लिए व सभी आयु वर्ग के लिए 3 किलोमीटर ‘रन फॅार फन’ दौड़ में आकर्षक पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। प्रातः 7 बजे रिज मैदान से आरम्भ होकर यह दौड़ पुरूष वर्ग के लिए मशोबरा स्थित हिमाचल प्रदेश लोक प्रशासन संस्थान के गेट से वापिस रिज मैदान पर सम्पन्न होगी। महिला वर्ग के लिए 10 किलोमीटर की यह दौड़ रिज मैदान से आरम्भ होकर बीड्स कॉलेज चौक व संजौली मीना बाजार से वापिस रिज मैदान पर सम्पन्न होगी। उन्होंने कहा कि 3 किलोमीटर रन फॉर फन रिज मैदान से राजभवन व वापिस रिज मैदान पर प्रातः 10 बजे सम्पन्न होगी।
उन्होंने शिमला नगर के सभी नागरिकों व स्वयंसेवी संस्थाओं व अन्य संगठनों से इस दौड़ में भाग लेने की अपील की। बैठक में अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी डीके रतन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भजन देव नेगी, जिला खेल अधिकारी पृथ्वी राज भागचंटा, कोच बलवीर सिंह, नगर निगम शिमला, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, भारतीय स्टेट बैंक तथा विभिन्न अन्य विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित थे।