- आनंद शर्मा ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को लिखा पत्र…
शिमला: राज्यसभा में कांग्रेस के उप नेता आनंद शर्मा ने शिमला से सेना प्रशिक्षण कमान (आरट्रैक) शिफ्ट करने के प्रयास का विरोध किया है। जानकारी अनुसार भारतीय सेना हिमाचल प्रदेश के शिमला में स्थित अपने ट्रेनिंग कमान हेडक्वार्टर को उत्तर प्रदेश के मेरठ में शिफ्ट करने की योजना बना रही है। इस संबंध में आनंद शर्मा ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को इसके विरोध में एक पत्र भी लिखा है। इस पत्र में आनंद शर्मा ने कहा है कि शिमला से मेरठ के लिए सेना प्रशिक्षण कमान का मुख्यालय शिफ्ट करना तर्कसंगत नहीं है। वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों, सेवानिवृत्त सेवा प्रमुखों और रणनीतिक विशेषज्ञ भी इसे शिफ्ट नहीं करने की मांग कर रहे हैं।
उन्होंने आरट्रैक को शिमला में रिटेन करने की मांग की। आनंद शर्मा ने कहा कि शिमला भारतीय सेना के लिए डेढ़ सौ सालों से रणनीतिक स्थान रहा है। यह ब्रिटिश शासनकाल में भारतीय सेना का मुख्यालय रह चुका है। आजादी के बाद 1948, 1965 और 1971 के भारत-पाक युद्धों के दौरान भी शिमला पश्चिमी कमान का मुख्यालय रह चुका है।