शिमला: राजधानी शिमला के जंगलों में लगी आग की चपेट में आकर तीन वाहन जल गए। घटना मंगलवार देररात की शहर के उपनगर फागली क्षेत्र में हुई। इस घटना में एक पिकअप, कार और मोटरसाइकल जलकर राख हो गए। वहीं सड़क किनारे खड़ी अन्य गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा हैं। पुलिस के मुताबिक जंगल में लगी आग के कारण सड़क किनारे खड़े वाहन आग की चपेट में आने से जले हैं। बालुगंज पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। उधर लोगों ने प्रशासन से रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। डीएसपी हेडक्वार्टर प्रमोद शुक्ला ने बताया कि सड़क पर खडे़ तीनों वाहन जंगल में फैली आग की चपेट में आए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसमें दो वाहन शिमला और एक वाहन हरियाणा नंबर का है। वहीं शहर के रामनगर क्षेत्र में नशेड़ियों ने सड़क किनारे खड़े आधा दर्जन वाहनों को नुकसान पहुंचाया है। इसमें अधिकतर स्कूटी और बाइक है।











