पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के नाम की भाजपा अध्यक्ष पद के लिए जल्द हो सकती है घोषणा

  • मुख्यमंत्री ने किया लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत के लिए लोगों का धन्यवाद
  • मण्डी में जन आभार रैली के दौरान मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत

मंडी : लोकसभा चुनाव-2019 के दौरान देश तथा हिमाचल प्रदेश में भाजपा की ऐतिहासितक विजय के उपरान्त आज जिला मण्डी के दौरे के दौरान सुन्दरनगर से मण्डी जाते हुए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर का भव्य स्वागत किया गया। हजारों की संख्या में लोगों ने मुख्यमंत्री का फूलों से स्वागत किया तथा अपना समर्थन प्रकट किया।

मण्डी के ऐतिहासिक सेरी मंच पर जन आभार रैली को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने लोकसभा चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के लिए प्रदेश के लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा ने न केवल चारों संसदीय सीटों पर जीत हासिल की बल्कि प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में भारी जीत दर्ज कर रिकार्ड स्थापित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा को लगभग 70 प्रतिशत वोट मिले, जोकि देश में सर्वाधिक है। उन्होंने कहा कि पिछले लोकसभा चुनावों में भाजपा को 15 लाख वोट प्राप्त हुए थे जबकि इस बार पार्टी को 32 लाख वोट मिले। उन्होंने कहा कि इसका श्रेय प्रदेश भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को जाता है।

इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के नाम की भाजपा अध्यक्ष पद के लिए जल्द घोषणा हो सकती है। नड्डा की ताजपोशी होती है तो यह हिमाचल के लिए केंद्र में मंत्री पद से बड़ा तोहफा होगा। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश के लोगों ने देश की बागडोर पुनः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देने का मन बना लिया था। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार का 15 महीनों का कार्यकाल उपलब्धियों तथा सफलताओं से भरा है। उन्होंने कहा कि भाजपा को भारी बहुमत मिलना प्रदेश सरकार की नीतियों तथा कार्यक्रमों का परिणाम है।

जय राम ठाकुर ने कहा कि भाजपा की अभूतपूर्व व भारी जीत से चिन्तित कांग्रेस नेता जनादेश को स्वीकार करने के बजाए अपनी हार का कारण ईवीएम को बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह आशचर्यजनक है कि राजस्थान, मध्यप्रदेश तथा छतीसगढ़ में कांग्रेस की जीत के दौरान ईवीएम बिल्कुल ठीक थीं, लेकिन जब भाजपा ने जीत हासिल की तो कांग्रेस नेताओं ने ईवीएम को दोषी ठहराया, जिससे उनकी दोहरी मानसिकता प्रदर्शित होती है।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *