- प्रशासन का ब्यास नदी के किनारे न जाने का आग्रह
मंडी : अधिक गर्मी की वजह से बर्फ पिघलने के चलते पंडोह डैम का पानी खतरे के निशान तक पहुंच गया है। पंडोह डैम से पहले लारजी डैम का भी जलस्तर बढ़ गया है।इस कारण डैम प्रबंधन ने पानी छोड़ने का निर्णय लिया है। अगर लारजी डैम से पानी छोड़ा जाता है तो पंडोह बांध से भी पानी छोड़ना पड़ सकता है। डैम प्रबंधन सायरन व्हीकल दौड़ाकर लोगों को जागरूक कर रहा है कि इन दिनों ब्यास नदी की ओर न जाएं।
यह व्हीकल लोगों को ब्यास नदी के किनारे न जाने की चेतावनी दे रहा है। गर्मी का प्रकोप बढ़ने के बाद ब्यास नदी में लगातार जलस्तर बढ़ रहा है। पंडोह और लारजी डैम के जलस्तर में हो रही वृद्धि को ध्यान में रखते हुए लोगों को अलर्ट किया जा रहा है। बीबीएमबी के वरिष्ठ अधिशासी अभियंता राजेश हांडा ने बताया कि गर्मी के चलते बर्फ पिघलने से नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। इस वजह से डैम का जलस्तर काफी बढ़ गया है।
डैम से पानी छोड़ने की पूरी संभावना बनी हुई है। उन्होंने बताया कि मंडी और कांगड़ा जिला प्रशासन को भी इस संबंध में सूचित कर दिया गया है। उन्होंने लोगों से ब्यास नदी के किनारे न जाने का आग्रह किया है।