सोशल मीडिया पर चल रही लड़ाई सड़क पर आई

ज्वाली : कांग्रेस सरकार में सी.पी.एस. रहे नीरज भारती व भाजपा कार्यकर्ता जतिंदर सिंह के बीच फेसबुक पर चल रही लड़ाई शनिवार को सड़क पर आ गई। बता दें कि पूर्व सी.पी.एस. नीरज भारती व भाजपा कार्यकर्ता जतिंदर सिंह के बीच फेसबुक पर काफी दिनों से बहसबाजी चल रही थी तथा फेसबुक पर दोनों और से अश्लील भाषा का प्रयोग भी होना शुरू हो गया था। इसी बीच पूर्व सी.पी.एस. नीरज भारती ने 25 मई को 12 बजे गैस एजैंसी के पास पहुंचने का वायदा किया और वायदे के मुताबिक वह शनिवार को करीब 11.45 बजे गैस एजैंसी कैहरियां के पास पहुंच गए। वहीं सुबह से ही धर्मशाला से पुलिस कैहरियां चौक पर पहुंच गई थी, जिसमें एस.डी.एम. जवाली अरुण कुमार शर्मा, डी.एस.पी. जवाली ज्ञान चन्द ठाकुर सहित एस.एच.ओ. जवाली नीरज राणा मौजूद रहे, जिन्होंने काफी देर तक नीरज भारती को मनाने की कोशिश की लेकिन नीरज भारती काफी देर तक बोलते रहे कि गुंडागर्दी नहीं चलने दी जाएगी। इतनी ही देर में भाजपा कार्यकर्ता जतिंदर सिंह व उनके भाई भी अपने कुछ लोगों के साथ गैस एजैंसी के पास पहुंच गए तथा नीरज भारती व उनके समर्थकों के साथ हाथापाई शुरू हो गई।

पुलिस ने काफी जद्दोजहद के बाद दोनों धड़ों को अलग-अलग करवा दिया। इसके उपरांत भी दोनों धड़े जोरशोर से नारेबाजी करते रहे। दोनों धड़ों के इधर-उधर होने के उपरांत भी पुलिस कैहरियां चौक व गैस एजैंसी के पास डटी रही। पुलिस अभी तक पुलिस ज्वाली में ही है जोकि रात को धर्मशाला रवाना होगी। बाद में ए.एस.पी. धर्मशाला राजेश कुमार भी ज्वाली पहुंच गए। इसी बीच पुलिस को वाहनों की आवाजाही सुचारू बनाए रखने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस बारे में ए.एस.पी. धर्मशाला राजेश कुमार ने कहा कि पुलिस जांच कर रही है तथा जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *