मुख्यमंत्री को कांग्रेस नेताओं पर मनघड़ंत आरोप लगाने के बजाय प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए : राठौर

  • प्रधानमंत्री का निम्न स्तर पर जाना देश के लिए शर्मनाक : कुलदीप राठौर

शिमलाः प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी के विरुद्ध प्रधानमंत्री व हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की टिप्पणी का जवाब देते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री का इतने निम्न स्तर पर जाना देश के लिए शर्मनाक है। उन्होंने शिमला से प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से कहा कि देश के प्रधानमंत्री व हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री को शब्दों और भाषा की मर्यादा नहीं है। मोदी देश में राफेल डील जैसे बड़े मसलों पर बोलने की हिम्मत नही जुटा पा रहे हैं लेकिन चुनाव में अपनी स्थिति देखते हुए मोदी व हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। भाजपा के पास देश के लिए कुर्बानी देने वालों में एक भी नाम नहीं है इसीलिए देश के प्रधानमंत्री व हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री इस तरह की निम्न स्तर की शब्दावली इस्तेमाल कर रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल के मुख्यमंत्री को पता होना चाहिए कि बोफोर्स मामले में बहुत पहले ही उच्चतम न्यायालय से स्व. राजीव गांधी को क्लीन चिट मिल चुकी है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को कांग्रेस नेताओं पर मनघड़ंत आरोप लगाने की बजाय प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिये। आजकल हिमाचल में अपराधों का ग्राफ निरन्तर बढ़ता जा रहा है और अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं। अभी शिमला में हरियाण की छात्रा के साथ चलती कार में बलात्कार के आरोपी भी पुलिस की पकड़ में नहीं आ रहे हैं वहीं गत दिनों बिलासपुर में 3 साल की बच्ची के साथ बलात्कार प्रकरण का मामला सामने आया है। आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था में सुधार लाने के लिए सरकार को सख्त कदम उठाने चाहिए। शिमला में हरियाण की छात्रा के साथ चलती कार में बलात्कार से शिमला सहित पुरे प्रदेश का नाम पड़ोसी राज्यों में बदनाम हुआ है तथा इससे भी ज्यादा शर्मनाक बात यह है कि हरियाणा राज्य सरकार तथा महिला आयोग ने हिमाचल सरकार को नोटिस भेजा है और इस प्रकरण को बड़ी गम्भीरता से लिया है। परन्तु चुनाव प्रचार में व्यस्तता के कारण हिमाचल सरकार अपराध राकने के प्रति गंभीर नहीं हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश व देश की जनता इस लो सभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को भारी जनादेश दे रही है क्योंकि देश की जनता मोदी के जुमलों से ऊब चुकी है और देश का युवा बेरोजगारी के मार झेल रहा है।  हिमाचल प्रदेश में भी अन्य प्रदेशों की तरह ही भाजपा ने पांच सालों में जुमले ही फैंके हैं धरातल पर कुछ भी नहीं किया गया है। सस्ती हवाई यात्रा, राष्ट्रीय राजमार्गों की घोषणा, ये सब जुमले ही साबित हुये। हिमाचल प्रदेश की जनता मोदी तथा प्रदेश भाजपा सरकार से तंग आ चुकी है और प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी बड़ी जीत दर्ज कर विजयी होंगे। उन्होंने कहा कि पुरे पांच सालों में केन्द्र सरकार की कांग्रेस पार्टी तथा गांधी-नेहरु परिवार को कोसने के सिवाय कोई विशेष उपलब्धि नहीं है। उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि यदि मोदी सरकार ने नोटबंदी, विदेशों से कालाधन वापस लाना, जनधन योजना जैसे जनहित के कार्य किये हैं तो आज वे उनके नाम पर वोट क्यों नहीं मांग रहे हैं। उन्होंने कहा कि सच्चाई यह है कि इन सब की वजह से बैंकों पर अनावश्यक बोझ बढ़ा है और बैंको को भारी आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा है।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *