कांग्रेस डूबता जहाज़, नीति और नीयत के दोहरे मापदंडों से देश भर में कांग्रेसी छोड़ रहे हाथ का साथ : अनुराग ठाकुर

  • हार को सामने देख कांग्रेस पार्टी और सहयोगी दल झूठ के ज़रिए भय का वातावरण खड़ा करने में जुटे

हमीरपुर : हमीरपुर सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पार्टी द्वारा अपने ही नेताओं और कार्यकर्ताओं को गुमराह किए जाने पर कांग्रेसी नेताओं के भाजपा ज्वाइन करने को कांग्रेस पार्टी के दोहरे मापदंडों का नतीजा बताते हुए कांग्रेस पार्टी को डूबता जहाज़ बताया है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी डूबता हुआ जहाज़ है जिसकी नीति और नीयत दोनों में ही खोट है। आज कांग्रेस पार्टी की गुमराह करने वाली नीतियों के चलते पार्टी ने अपने ही लोगों में विश्वास खो दिया है। सिर्फ़ हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में ही नहीं बल्कि पूरे देश भर में भारी संख्या में लोग कांग्रेस छोड़ कर मोदी जी के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए भाजपा परिवार में शामिल हो रहे हैं।

कांग्रेस की कथनी और करनी का फ़र्क़ इसी बात से समझा जा सकता है कि कांग्रेस के बड़े नेताओं को खुलेआम बोलना पड़ रहा कि कांग्रेस में गुंडे बदमाशों को संरक्षण दिया जा रहा है। जो पार्टी अपने शीर्ष नेताओं को झूठे आश्वासन देकर उन्हें गुमराह कर रही हो वो देश की जनता को किस हद तक ठगने के मंसूबे पाले बैठी है उसकी कल्पना भी कठिन है। जैसे-जैसे मई महीने की 23 तारीख़ पास आ रही है, विपक्षी दलों को अपनी पराजय सामने दिख रही है। हार को सामने देखते हुए कांग्रेस पार्टी और सहयोगी दल अब झूठ के ज़रिए भय का वातावरण खड़ा करने में जुट गए है। चुनावों में भारी संख्या में जनता की भागीदारी देख कर वोट बैंक की राजनीति करने वाले दलों के पैर से ज़मीन खिसक गई है और अब इसमें के कोई ईवीएम का रोना रो रहा है, कोई भाजपा सरकार बनने पर देश में कभी चुनाव ना होने की बात कर रहा है तो कोई अपनी जान को ख़तरा बता कर देशवासियों की सहानुभूति हासिल करने का प्रयास कर रहा है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि देश की आज़ादी के बाद से ही जब जब चुनाव नज़दीक आते हैं, कांग्रेस पार्टी ग़रीबों का मज़ाक़ उड़ाने ग़रीबी हटाओ नारे के साथ आ जाती है। कांग्रेस के साठ साल  के राज में ग़रीब मिट गया मगर इनसे ग़रीबी नहीं हटाई गई। गांधी परिवार की चार पीढ़ियाँ नेहरु,इंदिरा,राजीव गांधी के बाद अब राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से ग़रीबी नहीं हटी मगर एक ग़रीब के बेटे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मात्र 5 वर्षों में 6 करोड़ से ज़्यादा ग़रीब परिवारों को ग़रीबी रेखा से बाहर निकालने का काम किया है। 26 मई 2014 को सत्ता संभालने के बाद से ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपना पल-पल देश और देश के गरीबों को समर्पित कर दिया। मोदी सरकार ने गरीबों के लिए सिर्फ साढ़े चार वर्ष में ही जितने काम किए, उसकी मिसाल पिछले छह-सात दशक की राजनीति में नहीं मिलती। पीएम मोदी ने सभी धर्मों और जातियों के लोगों खासकर गरीबों, वंचितों और महिलाओं के लिए कल्याणकारी योजनाओं की झड़ी लगा दी।

 

 

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *