नशे के कारोबार से अर्जित संपत्तियों को जब्त कर नियमानुसार की जाए कार्रवाई
नशे के कारोबार से अर्जित संपत्तियों को जब्त कर नियमानुसार की जाए कार्रवाई
धर्मशाला: उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए प्रभावी एवं कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वह आज एनआईसी सभागार में आयोजित जिला स्तरीय नार्को कोऑर्डिनेशन संेटर समिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि नशे के कारोबार से अर्जित धन से बनाई गई संपत्तियों की पहचान कर उन्हें नियमानुसार जब्त करने तथा संबंधित मामलों में प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई देनी चाहिए तथा कार्रवाई की निरंतर समीक्षा भी सुनिश्चित की जाए।
*नशा कारोबारियों पर शिकंजा, नूरपुर में 17 मामलों में 29.96 करोड़ की सम्पत्तियां जब्त*
हेमराज बैरवा ने बताया कि जिला कांगड़ा में एंटी चिट्टा अभियान को प्रभावी ढंग से चलाया जा रहा है तथा नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है। जिला में एनडीपीएस अधिनियम के तहत अब तक 5.46 करोड़ रुपये की राशि वसूल की गई है। इसके अतिरिक्त पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम के तहत 38 मामलों में प्रस्ताव पुलिस मुख्यालय को भेजे गए हैं, जबकि नशे के कारोबार में संलिप्त 6 सरकारी कर्मचारियों के विरुद्ध भी कार्रवाई अमल में लाई गई है। उन्होंने बताया कि नूरपुर क्षेत्र में 17 मामलों में अब तक 29.96 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
*जागरूकता गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के निर्देश*
उपायुक्त ने जिला के सभी सरकारी एवं निजी उच्च शिक्षण संस्थानों में गठित नशा निवारण क्लबों को सक्रिय करने तथा विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एफएम धर्मशाला और गूंज रेडियो के माध्यम से भी एंटी चिट्टा अभियान से संबंधित जागरूकता संदेश नियमित रूप से प्रसारित किए जाएं।
नवरात्रों के दृष्टिगत उन्होंने संबंधित एसडीएम को बैजनाथ, कांगड़ा, ज्वालाजी और चामुंडा मंदिरों में नशे के विरुद्ध चेतावनी एवं जागरूकता संदेश प्रसारित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा अधिक भीड़ वाले स्थानों पर एंटी चिट्टा संदेशों एवं स्लोगन वाले पोस्टर लगाने को भी कहा।
बैठक में एसीपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा, एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज, एसडीएम धर्मशाला मोहित रतन, आरएम एचआरटीसी साहिल कपूर, जिला कार्यक्रम अधिकारी चिकित्सा डॉ. अनुराधा, एसोसिएट प्रोफेसर टांडा मेडिकल कॉलेज डॉ. पंकज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।