सेना भर्ती के लिए ग्राउंड टेस्ट; पहले दिन लगभग 550 युवाओं ने लगाई दौड़

हमीरपुर : अणु के सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड में शनिवार को आरंभ हुए थल सेना की अग्निवीर भर्ती के फिजिकल टेस्ट में पहले दिन लगभग 550 युवाओं ने भाग लिया। थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन ने बताया कि फिजिकल टेस्ट में उम्मीदवारों के लिए 1600 मीटर की दौड़ के अलावा पुल अप्स, लंबी कूद, ऊंची कूद और जिग-जैग बैलेंस इत्यादि टेस्ट भी करवाए गए तथा इनकी लंबाई, वजन और छाती का माप भी लिया गया।

निदेशक ने बताया कि भर्ती के दूसरे दिन के लिए बुलाए गए युवाओं का भी मैदान में प्रवेश रविवार तड़के ही आरंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि फिजिकल टेस्ट, मेडिकल परीक्षण और दस्तावेजों की जांच के लिए भर्ती स्थल पर ही व्यापक प्रबंध किए गए हैं। किसी भी बाहरी व्यक्ति को मैदान में एंट्री नहीं दी जा रही है तथा पूरी क्षेत्र के आसपास पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि फिजिकल टेस्ट के दौरान किसी भी तरह के प्रदर्शनवर्द्धक ड्रग्स के दुरुपयोग को रोकने के लिए कड़े प्रबंध किए गए हैं।
कर्नल श्रीधर राजन ने अभ्यर्थियों और उनके परिजनों से अपील की है कि वे भर्ती के संबंध में किसी भी तरह के प्रलोभन या प्रभाव में न आएं। उन्होंने कहा कि सेना भर्ती कार्यालय पूरी भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्षता के साथ संपन्न करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed