देवांश राणा और प्रज्ञा वर्मा की जोड़ी अगले दौर में

शिमला: देश के सुदूरवर्ती राज्य सिक्किम की राजधानी गंगटोक में खेली जा रही 49वीं जूनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के पहले दिन हिमाचल प्रदेश के अंडर-19 चैंपियन देवांश राणा ने अगले दौर में प्रवेश कर लिया। देवांश राणा ने छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी चित्राक्ष लोकवानी को तीन संघर्षपूर्ण सेटों में 2-1 से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया। देवांश राणा पहले सेट में पीछे गए लेकिन अगले दो सीटों में देवांश राणा ने जोरदार वापसी करते हुए छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी को पराजित कर दिया। हिमाचल प्रदेश की टीम के कोच विभोर शर्मा ने बताया कि अब देवांश राणा 17 नवंबर को अपना अगले दौर का मैच खेलेंगे। इससे पहले मिक्स डबल्स मुकाबले में देवांश राणा और प्रज्ञा वर्मा की जोड़ी ने अंडमान निकोबार द्वीप समूह की जोड़ी एरिक जेम्स और लक्ष्मीता को दो सीधे सेटों में पराजित कर अगले दौर में जगह बनाई। हिमाचल की टीम के ही एक अन्य खिलाड़ी शिवांश राणा दिल्ली के खिड़की प्रिंस से दो सीधे सेटों में पराजित हो गए। इसी तरह लड़कियों के मुकाबले में हिमाचल की गरिमा वर्मा को तमिलनाडु की खिलाड़ी दीशीता सिंघा गोपीनाथ सिंह ने दो सीधे सेटों में पराजित कर दिया। लड़कियों के ही एक अन्य मुकाबले में हिमाचल की प्रज्ञा वर्मा को आंध्र प्रदेश की वैष्णवी वज़हाईल ने दो सीधे सेटों में पराजित कर दिया। इस प्रतियोगिता का शुभारंभ सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने किया। यह प्रतियोगिता 21 नवंबर तक चलेगी।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed