रामपुर: कार के खाई में गिरने से तीन लोगों की मौत, दो घायल

शिमला: राजधानी शिमला में सोमवार सुबह एक आल्टो कार के खाई में गिरने से कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।जानकारी के मुताबिक, हादसा जिले के रामपुर से गौरा-मशनु सड़क मार्ग पर पशाड़ा कैंची के समीप हुआ। बताया जा रहा है कि बारसान मोड़ के समीप एक ऑल्टो कार अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना की खबर फैलते ही मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को उपचार के लिए भेजा गया है। वहीं, खाई की गहराई के कारण बचाव कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ी। प्रारंभिक सूचना के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार जैकोच्छा गांव निवासी कुमदास की बताई जा रही है। फिलहाल, अभी हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान जागोचा गांव के निवासियों रामानंद (60), ओम प्रकाश (41) और हमिंद्र (37) के रूप में हुई है। घायलों राकेश कुमार और रविंदर कुमार को खानरी स्थित महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर में भर्ती कराया गया। पुलिस ने हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।

मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज शिमला जिले के रामपुर-गौरा मार्ग पर साध कैंची के समीप हुए सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मृत्यु हो गई जबकि दो अन्य घायल हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने तथा घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
मुख्यमंत्री ने परमात्मा से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed