शिमला: अनिरुद्ध सिंह ने किया नवनिर्मित पटगेहर पंचायत घर का शुभारंभ   

ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री ने पटगेहर में किए 7.36 करोड़ के उद्घाटन व शिलान्यास

हिमाचल: प्रदेश के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने आज कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पटगेहर में 7.36 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों के उद्घाटन व शिलान्यास किए।
इस अवसर पर उन्होंने पटगेहर पंचायत घर का शुभारंभ कर पंचायत क्षेत्र के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि लोगों की काफी पुरानी मांग को पूरा करते हुए 1.14 करोड़ खर्च कर पटगेहर के लिए एक नए पंचायत भवन का निर्माण किया गया है जोकि आधुनिक सुविधाओं से लैस है। उन्होंने कहा कि नया पंचायत भवन आम जनमानस, हर जरूरतमंद एवं गरीब आदमी की आकांक्षाओं को पूर्ण करने में सार्थक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि नए पंचायत भवन में लाइब्रेरी का भी प्रावधान किया गया है ताकि क्षेत्र के बच्चे किसी भी प्रतियोगिता परीक्षा के लिए तैयारी कर सकें। उन्होंने कहा कि इस नए पंचायत भवन के प्रांगण में इंटरलॉकिंग टाइल्स भी लगाई जाएगी जिसके लिए उन्होंने संबंधित अधिकारी को अच्छी क्वालिटी के इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र की 32 पंचायतों में या तो नए पंचायत भवन निर्मित कर दिए गए हैं या पुराने पंचायत को राशि स्वीकृत कर आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आज यहां अन्य तीन सड़कों के शिलान्यास भी किए गए हैं जिसमें लम्बा जुब्बड़ से करयाली तक ग्रामवासियों को सड़क सुविधा देने के लिए अस्थायी तौर पर कुछ राशि विधायक निधि से स्वीकृत कर सड़क निर्माण किया गया है। लेकिन अब इस सड़क को परोपर ग्रेड बनाकर चौडा व पक्का किया जाएगा जिस पर 1.50 करोड़ की राशि खर्च की जाएगी। इसी तरह पेहला नंबर नाला से गांव गवाही तक सड़क निर्माण पर 1.43 करोड़ तथा गजेन से भराड़ी नाला वाया लधोडा संपर्क सड़क के निर्माण पर 3.29 करोड़ रूपए खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा प्रदेश के सभी छोटे-बड़े गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है जिसे पूर्ण करने के लिए प्रयास जारी है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में केवल लोक निर्माण विभाग के माध्यम से 14.58 करोड़ की सड़कों एवं भवनों के काम जारी हैं।  
उन्होंने कहा कि पटगेहर से जगरोटी सड़क को आगे सुराला सड़क के साथ जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। ग्रामीणों की मांग के अनुसार इस पंचायत की चार-पांच छोटी-छोटी सड़कों की गिफ़्ट डीड ग्रामीण शीघ्र भेजें ताकि इन सड़कों का निर्माण कर हर गांव को सड़क सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि पटगेहर पंचायत क्षेत्र के गावों में पेयजल की कमी को देखते हुए चरानिया खड्ड से उठाऊं पेयजल योजना के निर्माण के लिए प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने प्राथमिक पाठशाला के नए भवन के निर्माण के लिए प्रधानाचार्य से शीघ्र प्राक्कलन तैयार कर कार्यालय भेजने के निर्देश दिये ताकि स्कूल का नया भवन जल्द बन सके।
कैबिनेट मंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले स्कूली बच्चों तथा महिला मंडलों को 5-5 हजार रुपए की राशि अपनी ऐच्छिक निधि से देने की घोषणा भी की।
स्थानीय पंचायत प्रधान लता वर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए पटगेहर पंचायत के नए भवन के लोकार्पण के लिए आभार व्यक्त करते हुए पंचायत क्षेत्र की मांगे भी उनके समक्ष रखी।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed