बिलासपुर शहर में लावारिश पशुओं पर लगाम लगाने को शुरू किया संयुक्त अभियान; अब तक विभिन्न गौशालाओं में भेजे जा चुके हैं 10 पशु

बिलासपुर: एसडीएम बिलासपुर राज कुमार ने बताया कि बिलासपुर शहर में लावारिश पशुओं की बढ़ती संख्या और उनके कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन, पशुपालन विभाग और नगर परिषद द्वारा संयुक्त अभियान चलाया गया है। इस अभियान के दौरान शहर में सड़कों पर घूम रहे अब तक 10 लावारिश पशुओं को पकड़ा गया है, जिनमें से 6 पशुओं को रानी कोटला गौशाला तथा 4 पशुओं को हरिओम गौशाला बरमाणा में भेजा जा चुका है।
उन्होंने बताया कि बिलासपुर शहर में लावारिश पशुओं की समस्या के समाधान के लिए प्रशासन द्वारा पशुपालन, नगर परिषद तथा खंड विकास अधिकारी कार्यालय के सहयोग से इस अभियान को आगे भी जारी रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर के आसपास राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ लगती पंचायतों में भी यह विशेष अभियान चलाया जाएगा, जहां लावारिश पशुओं की संख्या अधिक है और इनके कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
उन्होंने बताया कि चांदपुर और कंदरौर क्षेत्रों में भी लावारिश पशुओं को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जाएगा। पकड़े गए पशुओं को नालागढ़ स्थित हांडाकुंडी गौशाला में भेजने की व्यवस्था भी की जाएगी।

एसडीएम ने स्थानीय पशुपालकों से अपील की है कि वह अपने पशुओं को खुले में न छोड़ें और प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सड़कों पर लावारिश पशुओं की मौजूदगी से यातायात प्रभावित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed