ताज़ा समाचार

शिमला: KNH को IGMC शिफ्ट करने के विरोध में प्रदर्शन..

शिमला : शिमला के कमला नेहरू अस्पताल (केएनएच)  से गायनी ओपीडी को इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) में शिफ्ट करने के फैसले के खिलाफ मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया गया। अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति के बैनर तले बड़ी संख्या में महिलाएं हिमलैंड से पैदल मार्च करते हुए छोटा शिमला स्थित सचिवालय के बाहर पहुंचीं।

प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ओपीडी शिफ्ट करने का फैसला वापस लेने की मांग की। सचिवालय के पास पुलिस ने महिलाओं को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेड हटाकर आगे पहुंच गईं और सड़क पर बैठकर विरोध शुरू कर दिया। सचिवालय की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था। इस दौरान सचिवालय के बाहर पुलिस और महिला समिति की कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और झड़प भी देखने को मिली।

महिला समिति का कहना है कि कमला नेहरू अस्पताल की गायनी ओपीडी को आईजीएमसी शिफ्ट करने के प्रस्ताव का पिछले पांच-छह महीने से विरोध किया जा रहा है। अस्पताल के स्टाफ की ओर से भी इस निर्णय पर आपत्ति जताई जा चुकी है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि केनएनएच में महिलाओं को एक ही परिसर में जांच और उपचार की सुविधाएं मिलती हैं। ओपीडी को दूसरे अस्पताल में स्थानांतरित करने से महिलाओं, विशेषकर गर्भवती मरीजों और उनके परिजनों को अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ सकती है। समिति का कहना है कि सरकार को महिलाओं की जरूरतों और अस्पताल की मौजूदा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए गायनी ओपीडी को केएनएच में ही संचालित रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सुलभ और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि गायनी ओपीडी को शिफ्ट नहीं किया जाए, क्योंकि इससे सबसे ज्यादा दिक्कत आम लोगों को आने वाली है।

फालमा चौहान ने आरोप लगाया कि सरकार नए स्वास्थ्य संस्थान विकसित करने के बजाय पहले से स्थापित अस्पताल की सुविधाओं को कम करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि करीब 100 साल पुराने केएनएच की अपनी ऐतिहासिक पहचान है और यहां महिलाओं को एक ही छत के नीचे इलाज की सुविधा मिलती रही है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed