बिलासपुर: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम (SDT) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4.523 किलोग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार की तलाशी लेकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त को SDT बिलासपुर की टीम ने बालोह-मलयावर लिंक रोड के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान टीम ने एक कार (HP-01K-8356) को जांच के लिए रोका। कार में तीन लोग सवार थे। पुलिस टीम ने जब वाहन की तलाशी ली तो उसमें से कुल 4.523 किलोग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस ने मौके पर ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विश्वास उर्फ विशाल थापा (32) पुत्र राम बहादुर थापा, निवासी लुम्बिनी, नेपाल; उसकी पत्नी श्रेया (33) निवासी लुम्बिनी, नेपाल; तथा घनश्याम (25) पुत्र सुंदर लाल, निवासी गुराण, तहसील बालीचौकी, जिला मंडी के रूप में हुई है। बरामद चरस को कब्जे में लेने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद नशे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे कहां पहुंचाया जाना था।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने कहा कि बिलासपुर जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के नेटवर्क को तोड़ने के लिए पुलिस द्वारा लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।