CM सुक्खू बोले- किसी तस्कर के पक्ष में किसी नेता, अधिकारी या प्रभावशाली व्यक्ति की नहीं सुनी जाएगी सिफारिश
चिट्टे के खिलाफ हमारी सरकार की लड़ाई पूरी सख्ती से जारी- CM सुक्खू
हिमाचल: प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सदन में कहा कि चिट्टे के खिलाफ हमारी सरकार की लड़ाई पूरी सख्ती से जारी है। पुलिस को स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी तस्कर के पक्ष में किसी नेता, अधिकारी या प्रभावशाली व्यक्ति की सिफारिश नहीं सुनी जाएगी। इसमें शामिल लोगों को सीधे जेल भेजा जाएगा। चिट्टे में लिप्त पाए गए 21 पुलिस कर्मचारियों को बर्खास्त किया गया है और उनके खिलाफ कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर पहली बार चिट्टे की मैपिंग की गई है, जिसकी नारकोटिक्स ब्यूरो ऑफ इंडिया के अधिकारियों ने सराहना की है। केवल भारतीय जनता पार्टी ही सराहना नहीं करती। ग्राम पंचायत से लेकर शिक्षण संस्थानों तक, कहीं भी चिट्टे से जुड़ा मामला सामने आए तो 1100 पर सूचना दें। चिट्टे की गिरफ्त में आए युवाओं के पुनर्वास और उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए राज्य सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है।मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि सरकार बनने के बाद हमने सबसे पहले युवाओं और बच्चों को चिट्टे से बचाने के लिए शिमला से वॉकथॉन शुरू किया। अब आगामी 7 सितंबर को ऊना में और उसके बाद मंडी में वॉकथॉन आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही, चिट्टे के अवैध कारोबार से कमाए गए धन से बनाई गई संपत्तियों को तोड़ा जा रहा है। अनेक मामलों में PIT-NDPS Act के तहत भी कार्रवाई की गई है। चिट्टे के खिलाफ हमारी सरकार की नीति स्पष्ट है- जीरो टॉलरेंस अगेंस्ट चिट्टा।
नर्सों की भर्ती राज्य चयन आयोग के माध्यम से टेस्ट के जरिए की जाएगी – सीएम सुक्खू
पिछले कल ही हमने फैसला किया है कि नर्सें आउटसोर्स पर नहीं रखी जाएँगी। नर्सों की भर्ती राज्य चयन आयोग के माध्यम से टेस्ट के जरिए की जाएगी, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए। कोविड के दौरान टांडा और आईजीएमसी में सेवाएँ देने वाले कर्मचारियों को हमने प्राथमिकता के आधार पर नियुक्त किया है। अगर कोई ऐसा व्यक्ति अभी भी रह गया है, जिसने कोविड के समय सेवाएँ दी थीं, तो सरकार उसे रखने पर भी विचार करेगी।
मेडिकल कॉलेजों में CT-Scan 128 के साथ CT-Scan 256 की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी – CM
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि प्रदेश के आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों में नवीनतम CT-Scan 64 की कम से कम 6 मशीनें लगाई जा रही हैं। मेडिकल कॉलेजों में CT-Scan 128 के साथ CT-Scan 256 की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। पहले CT Scan और PET Scan के लिए 4 से 6 महीने तक इंतज़ार करना पड़ता था। अब यह वेटिंग घटकर 20 दिन रह गई है। हमारा लक्ष्य अब ज़ीरो वेटिंग तक पहुँचना है।
हमारी सरकार में अब तक 1,350 पुलिस कर्मियों की भर्ती हो चुकी है और 1,000 और पदों पर भर्ती करने जा रहे हैं – सीएम सुक्खू
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार में पुलिस की भर्ती केवल एक बार निकली, लेकिन उसका भी पेपर लीक हो गया था। पेपर बेचे गए। हमारी सरकार में अब तक 1,350 पुलिस कर्मियों की भर्ती हो चुकी है और 1,000 और पदों पर भर्ती करने जा रहे हैं। पुलिस विभाग में हमें ज़्यादा भर्तियाँ इसलिए निकालनी पड़ रही हैं, क्योंकि सेना में अग्निवीर योजना लागू है। हमारा प्रयास है कि युवाओं को रोज़गार के अधिक से अधिक अवसर मिलें।