हमीरपुर : आईसीआईसीआई बैंक में सेल्स एंड रिलेशनशिप मैनेजर (एसआरएम) के 51 पदों को भरने के लिए एनआईआईटी लिमिटेड के माध्यम से 18 अगस्त को सुबह 10 बजे जिला रोजगार कार्यालय में साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 25 वर्ष तक के स्नातक पुरुष उम्मीदवार पात्र होंगे। स्नातक में उसके कम से कम 50 प्रतिशत अंक या समकक्ष सीजीपीए होना चाहिए। उसकी दसवीं से स्नातक तक की शिक्षा रेगुलर माध्यम से होनी चाहिए तथा उसका इस स्तर पर कोई भी शैक्षणिक गैप नहीं होना चाहिए। वह सेल्स एंड रिलेशनशिप मैनेजमेंट के क्षेत्र में कार्य करने का इच्छुक होना चाहिए तथा उसमें अच्छी कम्युनिकेशन स्किल होने चाहिए। उसका कोई भी निकट संबंधी आईसीआईसीआई बैंक में कार्यरत नहीं होना चाहिए। इंजीनियरिंग ग्रेजुएट या डिप्लोमाधारक, सीए और एमबीए डिग्रीधारक इन पदों के लिए पात्र नहीं होंगे।
चयनित अभ्यर्थियों को एनआईआईटी द्वारा 15 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। चयन प्रक्रिया के लिए ऐप्टीट्यूड टेस्ट, एनआईआईटी साक्षात्कार, आईसीआईसीआई बैंक साक्षात्कार एवं प्रशिक्षण के बाद नियुक्ति प्रदान की जाएगी।