आईएमपीसीसी की बैठक में 50 से अधिक विभागों के अधिकारी हुए शामिल

सरकार की योजनाओं के प्रभावी अमल पर हुई चर्चा

शिमला: केंद्र और राज्य सरकार के विभिन्न विभागों की  अंतर-मीडिया प्रचार समन्वय समिति (IMPCC) की बैठक आज आकाशवाणी शिमला के सभागार में हुई। इस वर्ष की पहली  बैठक के दौरान, विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली, उपलब्धियों और उनके द्वारा विभिन्न योजनाओं पर अमल पर चर्चा की गई । अंतर-मीडिया प्रचार समन्वय समिति (IMPCC) केंद्र सरकार और राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के बीच समनव्य का मंच है। इस समिति का गठन केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्रालय के निर्देश पर किया जाता है। बैठक का आयोजन मासिक आधार पर  पत्र सूचना कार्यालय(पीआईबी) के नेतृत्व में होता है। इसमें दूरदर्शन आकाशवाणी सहित केंद्र और राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारी हिस्सा लेते हैं। आज हुई बैठक में 50 से अधिक विभागों के अधिकारी और प्रतिनिधी शामिल हुए। इनमें सीमा सड़क संगठन, होटल प्रबंधन संस्थान, मौसम विभाग, केंद्रीय विद्यालय, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, एनएचएआई, वन विभाग सहित सोलन और पालमपुर स्थित संस्थानों से भी अधिकारी शामिल हुए।   

इस बैठक की अध्यक्षता दूरदर्शन समाचार शिमला की प्रमुख नंदिनी मित्तल  ने की। प्रचार क्षेत्र में सूचना और प्रसारण मंत्रालय और केंद्र सरकार व राज्य सरकार के विभागों की विभिन्न इकाइयों के बीच अंतर-मीडिया संबंधों को मजबूत करने की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए नंदिनी मित्तल ने सफलता और उपलब्धियों की पहचान करने, उन्हें अच्छी तरह से पैकेज करने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर विस्तारित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने जनता का ध्यान आकर्षित करने और जनता के बीच अधिक उत्साह पैदा करने के लिए प्रासंगिक सामग्री को उजागर करने के महत्व पर भी बल दिया।

पीआईबी के सहायक निदेशक संजीव शर्मा ने जनता के मध्य अपनी पहुंच को बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार के मीडिया संगठनों और उनके  सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का अधिक से अधिक उपयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने बैठक में शामिल प्रतिनिधियों/ विभागों से आग्रह किया कि  जनता के बीच उचित प्रसार और जागरूकता के लिए वे पीआईबी, दूरदर्शन और आकाशवाणी के साथ, अपनी उपलब्धियों और सफलता की कहानियों के बारे में जानकारी साझा करें।

बैठक को आकाशवाणी शिमला के कार्यक्रम प्रमुख अनिल वर्मा ने भी संबोधिक किया। विभिन्न विभागों से आए अधिकारियों ने भी अपने विभाग की उपलब्धियों को साझा किया। केंद्रीय संचार ब्यूरो के प्रमुख प्रकाश पंत ने  सूचना और प्रसारण मंत्रालय और राज्य निदेशालय की मीडिया इकाइयों की सक्रिय भूमिका के साथ सभी राज्य और केंद्र सरकार के विभागों की विभिन्न गतिविधियों को निष्पादित करने में तालमेल सुनिश्चित करने के लिए सदस्य विभागों के बीच समन्वय और सहयोग को मजबूत करने का आह्वान करते हुए आभार व्यक्त किया। 

सम्बंधित समाचार

Comments are closed