उपचुनाव के नतीजों से भाजपा के पतन की शुरुआत, जनता ने अहंकार का दिया जवाब – कुलदीप राठौर
उपचुनाव के नतीजों से भाजपा के पतन की शुरुआत, जनता ने अहंकार का दिया जवाब – कुलदीप राठौर
शिमला: कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने बिहार और मध्य प्रदेश के एक एक विधानसभा में हुए उपचुनाव के आए परिणामों को भाजपा के लिए बड़ा राजनीतिक संदेश करार दिया। उन्होंने दावा किया कि इन नतीजों ने भाजपा के पतन की शुरुआत का संकेत दे दिया है और जनता ने उसके अहंकार का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया है। शिमला में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राठौर ने कहा कि बिहार, मध्य प्रदेश और केंद्र में भाजपा की सरकार होने के बावजूद पार्टी को उपचुनाव में हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि बिहार की बांकीपुर सीट लंबे समय से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का मजबूत गढ़ मानी जाती थी, लेकिन मतदाताओं ने इस बार बदलाव के पक्ष में मतदान कर स्पष्ट संदेश दिया है। राठौर ने कहा कि मध्य प्रदेश के दतिया उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह की जीत भी इस बात का संकेत है कि जनता अब भाजपा के वादों और दावों से संतुष्ट नहीं है। उन्होंने दावा किया कि देश में राजनीतिक माहौल तेजी से बदल रहा है और इसका असर आने वाले चुनावों में भी देखने को मिलेगा। नीट परीक्षा विवाद का उल्लेख करते हुए राठौर ने आरोप लगाया कि परीक्षा में कथित धांधली के खिलाफ जब छात्र और युवा सड़कों पर उतरे तो केंद्र सरकार ने उनकी आवाज सुनने के बजाय उनके साथ दुर्व्यवहार किया। उन्होंने कहा कि “हमारे यहां इस्तीफे नहीं होते” जैसी बातें करने वाली सरकार को आखिरकार जनआक्रोश के आगे झुकना पड़ा। कांग्रेस नेता ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सबसे बड़ी ताकत होती है। यदि कोई भी सरकार युवाओं के भविष्य और जनता की उम्मीदों के खिलाफ काम करेगी तो मतदाता उसे चुनाव में जवाब देना जानते हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में भाजपा को देशभर में और भी राजनीतिक झटकों का सामना करना पड़ेगा।