4 अगस्त को शिमला में होगी भाजपा विधायक दल की बैठक, कांग्रेस सरकार को घेरने की रणनीति होगी तय – रणधीर शर्मा
4 अगस्त को शिमला में होगी भाजपा विधायक दल की बैठक, कांग्रेस सरकार को घेरने की रणनीति होगी तय – रणधीर शर्मा
शिमला: भारतीय जनता पार्टी विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन 4 अगस्त को सायं 7:00 बजे होटल मरीना, शिमला में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में किया जाएगा। यह जानकारी भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं विधायक रणधीर शर्मा ने दी।
उन्होंने बताया कि बैठक में विशेष रूप से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल उपस्थित रहेंगे। बैठक में प्रदेश के सभी भाजपा विधायक भाग लेंगे और आगामी विधानसभा सत्र सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों पर व्यापक चर्चा की जाएगी।
रणधीर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के लगभग चार वर्षों के कार्यकाल में प्रदेश की जनता लगातार निराश हुई है। सरकार ने विकास और सुशासन के बजाय राजनीतिक प्रतिशोध, भ्रष्टाचार और जनविरोधी निर्णयों को प्राथमिकता दी है। भाजपा विधायक दल बैठक में इन सभी विषयों पर विस्तृत रणनीति तैयार करेगा और विधानसभा के भीतर तथा बाहर सरकार को तथ्यों के साथ बेनकाब करेगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने विपक्ष की आवाज दबाने के लिए प्रशासन का दुरुपयोग किया है। भाजपा नेताओं, विधायकों और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ चुन-चुनकर मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर भय का वातावरण बनाया जा रहा है, जो स्वस्थ लोकतंत्र के लिए अत्यंत चिंताजनक है।
रणधीर शर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, लेकिन सरकार भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के बजाय उसे संरक्षण देने में लगी हुई है। सरकारी भर्तियों, ठेकों, प्रशासनिक निर्णयों तथा विभिन्न विभागों में अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगते रहे हैं, जबकि जनता से जुड़े मुद्दे पूरी तरह उपेक्षित हैं। प्रदेश की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ रही है, विकास कार्य ठप पड़े हैं और सरकार केवल अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए राजनीतिक विरोधियों को निशाना बना रही है।
उन्होंने कहा कि बैठक में प्रदेश की बिगड़ती कानून-व्यवस्था, युवाओं के साथ हो रहे अन्याय, बेरोजगारी, कर्मचारियों की समस्याओं, किसानों-बागवानों की परेशानियों, बंद किए गए संस्थानों, बढ़ती महंगाई तथा कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों पर भी विस्तार से चर्चा होगी। भाजपा विधायक दल आगामी विधानसभा सत्र में इन सभी मुद्दों को पूरी मजबूती के साथ उठाएगा और जनता की आवाज बनकर कांग्रेस सरकार से जवाब मांगेगा।
रणधीर शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश की जनता के हितों के लिए पूरी मजबूती से संघर्ष करती रहेगी और कांग्रेस सरकार की विफलताओं, प्रतिशोध की राजनीति तथा भ्रष्टाचार को हर स्तर पर उजागर करेगी।