चंबा: कार खाई में गिरी, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत
चंबा: कार खाई में गिरी, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत
चंबा : चंबा जिले में भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर लाहड़ के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। परिवार अपनी तीन माह की बच्ची का पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार कराने के बाद घर लौट रहा था, तभी सोमवार देर रात उनकी ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे। रात का समय और दुर्गम इलाका होने के कारण राहत एवं बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। काफी मशक्कत के बाद सभी शवों को खाई से बाहर निकाला गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे के समय क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही थी और अत्यधिक धुंध छाई हुई थी। माना जा रहा है कि खराब दृश्यता और फिसलन के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही होगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
राज्यपाल ने चंबा सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की मृत्यु पर किया शोक व्यक्त
राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज प्रातः पठानकोटदृचंबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनीखेत के निकट लाहड़ में हुई दुखद सड़क दुर्घटना में पांच लोगों के निधन पर शोक व्यक्त किया है। राज्यपाल ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और उन्हें अपनेे श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति एवं संबल प्रदान करने प्रार्थना भी की।
मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की मृत्यु पर किया शोक व्यक्त
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज सुबह पठानकोट-चंबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनीखेत के समीप लाहड़ में हुई सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता तत्काल उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने आज हुई भारी वर्षा के कारण चंबा शहर के मोहल्ला सुल्तानपुर में आई अचानक बाढ़ की स्थिति का भी जायजा लिया। इस घटना में दो पक्के मकान, 26 आवासीय मकान तथा एक दुकान क्षतिग्रस्त हो गई है। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रदेशवासियों से आगामी दिनों में भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने लोगों को नदियों, नालों तथा मौसमी खड्डों के समीप जाने से बचने की सलाह दी, क्योंकि जलस्तर में अचानक वृद्धि होने से जान-माल का खतरा उत्पन्न हो सकता है।