सरकाघाट: उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) सरकाघाट ने लोक निर्माण विभाग, मंडल सरकाघाट की अनुशंसा पर तल्याड़–पिंगला–थोना–सरकाघाट सड़क को मरम्मत एवं पुनर्स्थापन कार्य के दृष्टिगत 1 जुलाई से 7 जुलाई तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए अस्थायी रूप से बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
लोक निर्माण विभाग द्वारा उक्त सड़क खंड पर आवश्यक मरम्मत एवं पुनर्स्थापन कार्य किया जाएगा। कार्य को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के उद्देश्य से सड़क को अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
आदेशों के अनुसार, सड़क बंद रहने की अवधि के दौरान लोक निर्माण विभाग सभी डायवर्जन स्थलों पर आवश्यक सूचना एवं दिशा-सूचक संकेतक बोर्ड स्थापित करेगा, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। विभाग को निर्धारित अवधि के भीतर मरम्मत कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इसके अतिरिक्त, किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए विभाग द्वारा वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था तथा संबंधित ठेकेदार का संपर्क नंबर उपलब्ध रखा जाएगा।
सड़क बंद रहने के दौरान सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन रिस्सा–फागलू–मसदवान–कुठेहड़–मछलाणा–चौक वैकल्पिक मार्ग से संचालित किया जाएगा।
उपमंडल प्रशासन ने क्षेत्र के लोगों एवं वाहन चालकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि निर्धारित अवधि के दौरान वैकल्पिक मार्ग का ही उपयोग करें तथा बंद सड़क पर अनावश्यक आवाजाही से बचें, ताकि मरम्मत कार्य सुरक्षित एवं समयबद्ध ढंग से पूरा किया जा सके