कुल्लू: बाल विकास परियोजना अधिकारी, नग्गर स्थित कटरांई द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के रिक्त पदों को भरने के लिए पात्र महिला अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 16 जुलाई 2026 तक अपने आवेदन आवश्यक प्रमाण-पत्रों सहित बाल विकास परियोजना अधिकारी, कटरांई के कार्यालय में जमा कर सकते हैं। साक्षात्कार 17 जुलाई 2026 को प्रातः 11:00 बजे उपमंडलाधिकारी (ना.), कुल्लू के कार्यालय में आयोजित किए जाएंगे।
सीडीपीओ खुशविंदर ठाकुर ने बताया कि दुआड़ा पंचायत के भजणु केंद्र में एक आंगनबाड़ी सहायिका, भजणु एवं लोअर दुआड़ा केंद्रों में एक-एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा गाहर पंचायत के सेउबाग-2 केंद्र में एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का पद भरा जाना है।
उक्त पदों के लिए केवल महिला अभ्यर्थी ही पात्र होंगी तथा संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के फीडर एरिया की निवासी होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी का नाम संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के सर्वेक्षण रजिस्टर एवं परिवार रजिस्टर में दर्ज होना चाहिए। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं (10+2) उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी की आयु 17 जुलाई 2026 को 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा परिवार की वार्षिक आय 50,000 रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।














