सोलन: नेरी के सात छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में हासिल की सफलता

सोलन: डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के अंतर्गत आने वाले कॉलेज ऑफ हॉर्टिकल्चर एंड फॉरेस्ट्री, नेरी के सात विद्यार्थियों ने प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। इन विद्यार्थियों ने देश के अग्रणी संस्थानों में उच्च शिक्षा के लिए अवसर भी प्राप्त किए हैं।

यह उपलब्धि बी.टेक. जैव प्रौद्योगिकी अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों आयुष वर्मा, नेहा वर्मा, वाणी सूद, स्वाति, आदर्श मेहता, शिवानी शर्मा और स्वास्तिक शर्मा ने हासिल की है। इन विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर गेट (GATE), कैट (CAT), जीएटी-बी (GAT-B) और सीयूईटी-पीजी (CUET-PG) जैसी प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तरीय परीक्षाओं में सफलता अर्जित कर महाविद्यालय की उपलब्धियों में एक और अध्याय जोड़ा है।

इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. हरमिंदर सिंह बवेजा ने विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की इस सफलता से पूरे विश्वविद्यालय परिवार को गर्व है। उन्होंने कहा कि ये विद्यार्थी अन्य अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे। प्रो. बवेजा ने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करने में शिक्षकों की भूमिका की भी सराहना की।

कॉलेज ऑफ हॉर्टिकल्चर एंड फॉरेस्ट्री, नेरी के अधिष्ठाता डॉ. रमेश कुमार भारद्वाज ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि उनकी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। 

सम्बंधित समाचार

Comments are closed