शिमला: 24 जून को प्रस्तावित HRTC चालक- परिचालक हड़ताल के दृष्टिगत आम जनता के लिए सूचना….
शिमला: 24 जून को प्रस्तावित HRTC चालक- परिचालक हड़ताल के दृष्टिगत आम जनता के लिए सूचना….
शिमला: क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी शिमला,विश्व मोहन देव चौहान द्वारा आम जनता को सूचित किया जाता है कि हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के चालक एवं परिचालक संघ द्वारा दिनांक 24 जून को प्रस्तावित हड़ताल की सूचना प्राप्त हुई है। हड़ताल की स्थिति में एचआरटीसी की बस सेवाओं के संचालन पर प्रभाव पड़ सकता है, जिससे यात्रियों को असुविधा होने की संभावना है।
जनहित एवं यात्री सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परिवहन विभाग द्वारा आवश्यक वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों एवं परिवहन संगठनों के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है। इस संबंध में शिमला जिला के निजी बस ऑपरेटरों, टैक्सी यूनियनों, शिक्षण संस्थानों तथा अन्य परिवहन सेवा प्रदाताओं से आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया गया है।
इसके अतिरिक्त, निजी बस ऑपरेटरों को सूचित किया गया है कि यदि वे एचआरटीसी की प्रभावित एवं महत्वपूर्ण बस रूटों पर सेवाएं संचालित करने के इच्छुक हों तो वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार विशेष परमिट हेतु आवेदन कर सकते हैं। साथ ही, निजी शिक्षण संस्थानों, स्कूल वाहन संचालकों तथा अन्य अधिकृत परिवहन संचालकों से भी आवश्यकता पड़ने पर अपने वाहन एवं प्रशिक्षित चालकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है।
टैक्सी यूनियनों तथा अन्य सार्वजनिक परिवहन संगठनों से भी अपील की गई है कि वे संभावित मांग को देखते हुए पर्याप्त संख्या में वाहन उपलब्ध रखें ताकि यात्रियों को आवागमन में न्यूनतम कठिनाई का सामना करना पड़े। विभाग द्वारा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त परिवहन सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर समीक्षा की जा रही है।
यात्रियों से अनुरोध है कि वे यात्रा आरंभ करने से पूर्व संबंधित बस सेवाओं की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर लें तथा आवश्यक होने पर वैकल्पिक परिवहन साधनों का उपयोग करें। किसी भी आपात अथवा आवश्यक यात्रा के लिए पर्याप्त समय का प्रावधान रखें।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, शिमला ने सभी परिवहन संगठनों, निजी बस संचालकों, टैक्सी ऑपरेटरों, शिक्षण संस्थानों एवं आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सामूहिक प्रयासों से ही आम जनता को होने वाली असुविधा को न्यूनतम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रभावित मार्गों पर वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था उपलब्ध करवाने हेतु आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं तथा स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है।