शिमला: राज्यपाल व CM सुक्खू ने वीरभद्र सिंह की जयंती पर अर्पित की श्रद्धांजलि
शिमला: राज्यपाल व CM सुक्खू ने वीरभद्र सिंह की जयंती पर अर्पित की श्रद्धांजलि
शिमला: राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह की 93वीं जयंती के अवसर पर शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह का आधुनिक हिमाचल प्रदेश के निर्माण एवं विकास में अतुलनीय योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी दूरदर्शी सोच, दृढ़ नेतृत्व एवं जनकल्याणकारी नीतियों के परिणामस्वरूप आज हिमाचल प्रदेश विकास के विभिन्न क्षेत्रों में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बना चुका है। राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की राजनीति में वीरभद्र सिंह एक अत्यंत सम्मानित और प्रभावशाली व्यक्तित्व रहे हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में उनके लंबे एवं सफल कार्यकाल ने राज्य के विकास को नई दिशा प्रदान की। उन्होंने कहा कि प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिसके कारण उन्हें व्यापक सम्मान प्राप्त हुआ। कवीन्द्र गुप्ता ने कहा कि स्वर्गीय वीरभद्र सिंह का सार्वजनिक जीवन, नेतृत्व क्षमता तथा जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि उनके आदर्शों एवं मार्गदर्शन को अपने जीवन में आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता, लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह, शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने पूर्व मुख्यमंत्री की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की जयंती के अवसर पर आज शिमला के रिज पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने राज्य के विकास में वीरभद्र सिंह के योगदान को स्मरण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरभद्र सिंह कांग्रेस पार्टी के एक महान नेता थे जिन्होंने छः बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में सेवाएं दी। उन्होंने प्रदेश के सभी क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया और आज हम उनके अमूल्य योगदान को स्मरण कर रहे हैं। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार, विधायक हरीश जनारथा एवं चंद्र शेखर, महापौर सुरेंद्र चौहान, उप-महापौर उमा कौशल, पार्षदगण, राज्य बाल कल्याण परिषद की महासचिव जैनब चंदेल, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, हिमको फेडरेशन के अध्यक्ष विक्रम शर्मा तथा अन्य गणमान्यों ने भी पूर्व मुख्यमंत्री को पुष्पांजलि अर्पित की।
पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की जयंती पर कांग्रेस मुख्यालय में दी श्रद्धांजलि
प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने आज कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश के छह बार के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को उनकी जयंती पर उन्हें याद करते हुए उनके छाया चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने इस अवसर पर अपने श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि आधुनिक हिमाचल प्रदेश के निर्माण में उनके उल्लेखनीय योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह महान व्यक्तित्व एक ऐसे युग पुरष के रूप में जाने जाते थे जो लोगों के दिलों में राज करते थे। वीरभद्र सिंह के राजनैतिक सफर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि लगभग 65 साल तक उन्होंने देश व प्रदेश की सेवा में केंद्रीय मंत्री व प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाते उनके सौहार्द से लोग उन्हें बहुत ही आदर के साथ सम्मान करते थे। शिमला नगर निगम के महापौर सुरेद्र चौहान ने इस दौरान कहा कि वीरभद्र सिंह हमेशा लोगों के दुख दर्द के प्रति बहुत ही संवेदनशील रहते थे। जो भी लोग उनके पास किसी भी प्रकार की फरियाद लेकर जाता था,वह कभी भी खाली हाथ नही लौटता था। उन्होंने कहा कि प्रदेश वीरभद्र सिंह को कभी नही भुला सकता। इस दौरान श्रद्धा सुमन अर्पित करने वालों में प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार, संगठन महामंत्री विनोद ज़िंटा,शिमला नगर निगम के महापौर सुरेद्र चौहान ,उप महापौर उमा कौशल,महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष तृप्ता ठाकुर,शिमला जिला कांग्रेस शहरी के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह के अतिरिक्त कांग्रेस के वरिष्ठ नेता यशपाल तनाईक,सोनिया चौहान, रवि। शर्मा,जीवन कुमार,विनीत गौतम,आनंद कौशल शिमला नगर निगम के पार्षदगण,पूर्व महापौर जैनी प्रेम, हरजीत कुमार मंगा,मलकीत सिंह, नरेंद्र कंवर,बी एस चौहान, जीत राम पवंर, हेमराज शर्मा,मीना विज़,कृष्णा कुमारी व अग्रणी संगठनों व विभागों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भी वीरभद्र सिंह के छाया चित्र पर अपने अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।