शिमला: रोहड़ू नप चुनाव में महिला शक्ति का परचम, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए मिला सम्मान; राज्य चुनाव आयुक्त ने किया सम्मानित
शिमला: रोहड़ू नप चुनाव में महिला शक्ति का परचम, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए मिला सम्मान; राज्य चुनाव आयुक्त ने किया सम्मानित
रोहड़ू: नगर परिषद रोहड़ू निर्वाचन-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान में आज चांशल सम्मेलन कक्ष, कार्यालय उपमंडलाधिकारी (नागरिक), रोहड़ू में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य निर्वाचन आयुक्त, हिमाचल प्रदेश, अनिल खाची ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
इस अवसर पर राज्य निर्वाचन आयुक्त ने निर्वाचन प्रक्रिया में तैनात महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि नगर परिषद रोहड़ू निर्वाचन-2026 लोकतांत्रिक प्रक्रिया में महिलाओं की सहभागिता, दक्षता एवं नेतृत्व क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि मतदान से लेकर मतगणना तक संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया का सफल संचालन महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किया जाना एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।
अनिल खाची ने कहा कि नगर परिषद रोहड़ू के चुनाव में महिला कर्मचारियों ने देश एवं प्रदेश में एक नई मिसाल कायम की है। महिलाओं ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, दक्षता और समर्पण के साथ किया, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया का सफल एवं पारदर्शी संचालन सुनिश्चित हो सका।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने सभी महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ चुनाव के दौरान आई चुनौतियों तथा की गई व्यवस्थाओं के संबंध में संवाद स्थापित किया। इस अवसर पर उन्होंने निर्वाचन कार्यों के दौरान सामने आई समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्वाचन ड्यूटी में तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट, सेक्टर अधिकारियों, पीठासीन अधिकारियों, मतदान अधिकारियों, माइक्रो ऑब्जर्वरों, मतगणना पर्यवेक्षकों, मतगणना सहायकों, सुरक्षा कर्मियों तथा अन्य सहयोगी कर्मचारियों को उनकी कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण एवं उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के लिए प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया।
उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रोहड़ू, धर्मेश रामौत्रा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा चुनाव के दौरान की गई समस्त व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
उन्होंने निर्वाचन कार्यों में योगदान देने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी की प्रतिबद्धता, समन्वय एवं टीम भावना के कारण निर्वाचन प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
इस अवसर पर डीएसपी रोहड़ू प्रणव चौहान, तहसीलदार धीरज शर्मा, प्रियंजलि शर्मा, परीक्षित कुमार सहित निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी महिला अधिकारी एवं कर्मचारी तथा अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।