नीट पेपर लीक मामला बहुत ही संगीन; पिछले 10 सालों में 80 से ज्यादा पेपर लीक हुए – इंद्रजीत सिंह

शिमला: जिला कांग्रेस कमेटी शहरी के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने केंद्र की भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में वह परीक्षार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। नीट पेपर लीक केंद्र सरकार की सबसे बड़ी विफलता है इसके लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री को अपने पद से त्यागपत्र देना चाहिए।
आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में एक पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए कहा कि पिछले 10 सालों में 80 से ज्यादा पेपर लीक हुए। पेपर रद्द होने की बजह से लाखों बच्चों का भविष्य चौपट हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की चुप्पी बहुत ही दुखदाई है।
इंद्रजीत सिंह ने कहा कि नीट पेपर लीक मामला बहुत ही संगीन है। कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी ने देश के युवाओं को जागृत करने के लिए एक बड़ा अभियान शुरू किया है,इसके लिए सभी अभिभावकों को भी आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि अब तक नीट पेपर लीक के बाद 14 बच्चों ने अपनी जान दे दी। उन्होंने कहा कि नीट पेपर तैयारी को लेकर बच्चों को कड़ी मेहनत करनी पड़ती है। इस पर एक बच्चे का 3 से 4 लाख रुपये का खर्च भी आता है। यह बहुत ही दुखदाई है कि जब बच्चे परीक्षा देने जाएं तो उन्हें पता चलता है कि पेपर लीक होने की बजह से परीक्षा रद्द कर दी गई है। उन्होंने कहा कि देश की शिक्षा प्रणाली अस्त व्यस्त होकर रह गई है।
इंद्रजीत सिंह ने कहा कि नीट की पुनः परीक्षा में भी परीक्षार्थियों को बड़ी मुश्किलों से जूझना पड़ा, क्योंकि एक राज्य के बच्चे को दूसरे राज्य में परीक्षा केंद्र आवंटित किया गया। इस दौरान उन्हें मानसिक तनाव से भी गुजरना पड़ा।इससे साफ है कि केंद्र की मोदी सरकार देश के युवाओं, बेरोजगारों व प्रतियोगी परीक्षा देने वाले छात्रों के प्रति पूरी तरह संवेदनहीन हो गई है। कांग्रेस देश के साथ खड़ी है और इस अन्याय के लिए किसी भी लड़ाई के लिये पूरी तरह तैयार है।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष चेतराम ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस महासचिव रमेश ठाकुर, शिमला जिला कांग्रेस कमेटी शहरी के उपाध्यक्ष जय प्रकाश पाल महासचिव संगठन दीपक सुन्दरयाल व पाल भी साथ थे

सम्बंधित समाचार

Comments are closed