डांग क्वाली से हीरानगर चौक तक की सड़क रहेगी वन-वे
केवल निर्धारित स्थानों पर ही रुक सकेगी बसें
हमीरपुर : हमीरपुर शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिलाधीश गंधर्वा राठौड़ ने विस्तृत आदेश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस, नगर निगम, एचआरटीसी, पीडब्ल्यूडी, अन्य संबंधित विभागों, व्यापार मंडल और अन्य संस्थाओं के साथ व्यापक चर्चा के बाद ही आम लोगों की सुविधा के मद्देनजर ये जारी किए गए हैं। मोटर वाहन अधिनियम,1988 की विभिन्न धाराओं के तहत जारी इन आदेशों के अनुसार डांग क्वाली चौक से हीरानगर की ओर होटल हीरा हाईट्स तक की सड़क पर टैªफिक को वन-वे किया गया है। यहां भारी कमर्शियल वाहनों के प्रवेश पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। विशेष परिस्थितियों में पूर्व अनुमति लेकर ही इस मार्ग पर भारी कमर्शियल वाहन जा सकेंगे।
मुख्य बाजार में गर्मी के सीजन में सुबह साढे पांच से शाम सवा आठ बजे तक और सर्दियों में सुबह साढे पांच से शाम साढे सात बजे तक वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। एमरजेंसी वाहनों और आवश्यक सेवाओं से संबंधित वाहनों पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा। नादौन, सुजानपुर और भोटा की ओर से आने व जाने वाली बसें केवल निर्धारित स्थानों पर ही रुक सकंेगी। उपायुक्त ने पीडब्ल्यूडी को पक्का भरो चौक के पास सवारियों को चढ़ाने एवं उतारने के लिए बसों के लिए दोनों तरफ अलग-अलग स्टॉप बनाने के निर्देश भी दिए हैं।
अणु चौक के आस-पास भी बसों के रुकने के लिए स्थान निर्धारित किए गए हैं। यहां सुजानपुर की ओर जाने वाली बसें डाकघर के पास रुकेंगी, जबकि सुजानपुर से आने वाली बसें वर्तमान जगह पर ही रुकेंगी। अवाह देवी की ओर जाने वाली बसें पहले की तरह कालेज गेट पर ही रुकेंगी। जबकि, अवाह देवी से आने वाली बसें कालेज भवन के सामने पुराने अणु कलां सड़क पर रुकेंगी। स्कूल बसें भी केवल पीडब्ल्यूडी द्वारा चिह्नित स्थानों पर ही रुक सकेंगी।
हमीरपुर शहर में भोटा चौक से नादौन चौक और नादौन चौक से मृदुल चौक तक का क्षेत्र नो-पार्किंग जोन रहेगा। आईसीआईसीआई बैंक से अस्पताल रोड, आयुर्वेदिक अस्पताल से राधास्वामी गेट और अणु में विद्युत विश्राम गृह से चिल्ड्रन पार्क तक का एरिया भी नो-पार्किंग जोन घोषित किया गया है। नादौन चौक का क्षेत्र और आयुर्वेदिक अस्पताल से राधास्वामी गेट तक का क्षेत्र टो-अवे जोन बनाया गया है।
भोटा चौक, नादौन चौक, पुलिस लाइन चौक से साई अस्पताल तक और दोसड़का चौक से बहुतकनीकी कालेज चौक तक मालवाहक वाहनों की लोडिंग-अनलोडिंग का समय रात 9 से सुबह 6 बजे तक रहेगा।
पीडब्ल्यूडी को दोसड़का सब्जी मंडी के पास, डांग क्वाली चौक से आगे हीरानगर की तरफ, पक्का भरो से अणु, मृदुल चौक के पास, भोटा चौक की दोनांे तरफ, शिव मंदिर चौक अणु और डिग्री कालेज के पास उचित स्थानों पर यैलो लाइन मार्क करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस लाइन और सालिग्राम भवन के बीच केवल पहाड़ी की तरफ ही पार्किंग की अनुमति रहेगी। दोसड़का चौक से हमीर होटल और ट्रक यूनियन तक सुबह 8 से शाम 8 बजे तक ट्रकों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
जिलाधीश ने पीडब्ल्यूडी, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को उचित स्थानों पर वाहन चालकों और आम लोगों के सूचनार्थ बोर्ड एवं संकेतक लगाने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने सभी वाहन चालकों एवं स्थानीय निवासियों से सहयोग की अपील भी की है।