अब बेवसाइट पर घर बैठे मिलेगी पर्यटन निगम के होटलों की जानकारी
पर्यटन निगम के अध्यक्ष बोले, पर्यटन निगम के होटल होंगे स्तरोन्नत
धर्मशाला : हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) के अध्यक्ष आर.एस. बाली ने आज धर्मशाला के कश्मीर हाउस में एचपीटीडीसी की नई सदस्यता योजना के अंतर्गत प्लैटिनम, गोल्डन एवं सिल्वर कार्ड और हिमाचल टूरिज्म विकास निगम की नई वैबसाइट https://hptdc.hp.gov.in का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना, पर्यटकों को विशेष सुविधाएं उपलब्ध करवाना तथा हिमाचल को देश के प्रमुख पर्यटन गंतव्यों में और अधिक सशक्त बनाना है।
आर.एस. बाली ने बताया कि इन कार्डों के माध्यम से पर्यटकों को एचपीटीडीसी के होटलों, रेस्तरां तथा अन्य पर्यटन सेवाओं में विभिन्न प्रकार की रियायतें और विशेष सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह योजना नियमित पर्यटकों, परिवारों, कॉर्पोरेट संस्थानों तथा पर्यटन प्रेमियों के लिए विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होगी।
आर एस बाली ने बताया कि प्लैटिनम कार्ड के लिए 99 हजार, गोल्डन कार्ड के लिए 75 हजार रूपये तथा सिल्वर कार्ड के लिए 50 हज़ार रूपये का शुल्क अदा करना होगा। उन्होंने बताया कि प्लैटिनम कार्ड तीन साल के लिए, गोल्डन कार्ड दो साल के लिए तथा सिल्वर कार्ड एक साल के लिए वैध होगा। कार्ड धारकों को हिमाचल टूरिज्म के होटलों व रेस्तरां में 50 प्रतिशत कमरे के किराये, 20 प्रतिशत भोजन सामग्री तथा 10 प्रतिशत हार्ड व सोफ्ट ड्रिक में छूट दी जाएगी। कोई भी कार्ड धारक एक समय में दो कमरे बुक करवा सकेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में पर्यटन क्षेत्र को आधुनिक स्वरूप प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। पर्यटन क्षेत्र राज्य की अर्थव्यवस्था का एक महत्वपूर्ण आधार है तथा नई योजनाओं के माध्यम से अधिक से अधिक पर्यटकों को आकर्षित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा हिमाचल टूरिज्म के संस्थानों को चरणबद्ध तरीके से अपग्रेड किया जा रहा है
एचपीटीडीसी अध्यक्ष ने कहा कि प्लैटिनम, गोल्डन एवं सिल्वर कार्ड धारकों को निर्धारित शर्तों के अनुसार आवास, खान-पान एवं अन्य सेवाओं में आकर्षक छूट उपलब्ध होगी। इससे न केवल पर्यटकों को लाभ मिलेगा बल्कि पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति प्राप्त होगी।
उन्होंने प्रदेश तथा देशभर के पर्यटकों से इस योजना का लाभ उठाने का आग्रह करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम भविष्य में भी पर्यटकों की सुविधा एवं संतुष्टि के लिए नवाचारपूर्ण पहल करता रहेगा।
इस अवसर पर निगम के प्रबन्ध निदेशक राजीव कुमार, महाप्रबंधक अनिल तनेजा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।