शिमला: मुख्यमंत्री, हिमाचल प्रदेश द्वारा 15 नवंबर 2025 को प्रारंभ किए गए प्रदेशव्यापी एंटी-चिट्टा जन-आंदोलन के अंतर्गत “चिट्टा-मुक्त हिमाचल” के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में स्पेशल टास्क फोर्स द्वारा राज्य के विभिन्न जिलों में निरंतर अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 19.06.2026 को स्पेशल टास्क फोर्स की टीम द्वारा जिला कांगड़ा के बैजनाथ, बीड़ एवं मुल्थान क्षेत्र में गश्त की जा रही थी। इसी दौरान स्पेशल टास्क फोर्स की टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि मुल्थान बाजार में तीन व्यक्तियों के पास भारी मात्रा में अफीम बरामद हो सकती है। उक्त सूचना के आधार पर स्पेशल टास्क फोर्स की टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़कर उनके सामान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके ट्रैकिंग बैग में छिपाकर रखी गई 2.044 किलोग्राम अफीम बरामद की गई तथा तीनों व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई। इस संबंध में पुलिस थाना बीड़, जिला कांगड़ा में एन.डी.पी.एस. अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है तथा मामले की आगामी जांच जारी है।
इस समन्वित कार्रवाई का उद्देश्य न केवल नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाना है, बल्कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना तथा समाज में व्यापक जन-जागरूकता को बढ़ावा देना भी है।
हिमाचल प्रदेश पुलिस नागरिकों, विशेषकर युवाओं से मुख्यमंत्री द्वारा की गई अपील को दोहराती है कि वे चिट्टा/नशे से संबंधित किसी भी सूचना को तुरंत 112 या नजदीकी पुलिस थाना में दें। सूचना देने वालों की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
माननीय मुख्यमंत्री के सशक्त नेतृत्व और युवाओं की सहभागिता से हिमाचल पुलिस प्रदेश में चिट्टा/नशे का खात्मा करने को दृढ़ संकल्प है।