कांग्रेस सरकार ने 28 लाख बिजली उपभोक्ताओं पर डाला महंगाई का नया बोझ, जनता से की जा रही वसूली — संजीव कटवाल
कांग्रेस सरकार ने 28 लाख बिजली उपभोक्ताओं पर डाला महंगाई का नया बोझ, जनता से की जा रही वसूली — संजीव कटवाल
शिमला। भारतीय जनता पार्टी शिमला मंडल द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज शिमला के पुराने बस स्टैंड परिसर में जनसंपर्क अभियान आयोजित किया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल, पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, कमलजीत सूद, करण नंदा, संजय सूद, कुसुम सदरेट, श्री केशव चौहान, गणेश दत्त सहित मंडल के समस्त पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने प्रदेश कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि एक ओर भाजपा की केंद्र सरकार जनकल्याण और विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है, वहीं दूसरी ओर हिमाचल की कांग्रेस सरकार जनता पर लगातार आर्थिक बोझ डालने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अब राज्य बिजली बोर्ड द्वारा 33.8 पैसे प्रति यूनिट के हिसाब से नया फ्यूल चार्ज लगाकर प्रदेश के लगभग 28 लाख बिजली उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त भार डाला गया है।
कटवाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने से पहले जनता को राहत देने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज हकीकत यह है कि प्रदेश का हर वर्ग महंगाई और अतिरिक्त करों के बोझ तले दब रहा है। बिजली के बिलों में पहले से विभिन्न प्रकार के शुल्क और उपकर लगाए जा रहे हैं, अब फ्यूल चार्ज के नाम पर नई वसूली शुरू कर दी गई है। इससे सामान्य उपभोक्ताओं के मासिक बिजली बिलों में 50 से 150 रुपये तक की अतिरिक्त बढ़ोतरी होगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार आर्थिक कुप्रबंधन की कीमत प्रदेश की जनता से वसूल रही है। सरकार की गलत नीतियों के कारण बिजली बोर्ड की स्थिति लगातार कमजोर हुई है और अब उसका भार सीधे उपभोक्ताओं पर डाला जा रहा है। जनता से किए गए चुनावी वादों को पूरा करने में विफल रही कांग्रेस सरकार अब नए-नए शुल्क लगाकर लोगों की जेब पर डाका डालने का काम कर रही है।
संजीव कटवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पिछले 12 वर्षों से गरीब, किसान, महिला, युवा और मध्यम वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है, जबकि हिमाचल की कांग्रेस सरकार जनता को राहत देने के बजाय लगातार नए आर्थिक बोझ थोप रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार से तत्काल इस अतिरिक्त फ्यूल चार्ज को वापस लेने तथा बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की।
इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया और कहा कि भाजपा जनता के हितों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।