कुल्लू: धाउगी वार्ड के निर्दलीय उम्मीदवार के समर्थक पहुंचे डीसी कार्यालय..

कुल्लू: जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त कुल्लू अनुराग चन्द्र शर्मा ने सोमवार को जिला परिषद वार्ड संख्या-11 जरड़भुट्टी तथा वार्ड संख्या-5 धाउगी की मतगणना से संबंधित प्राप्त शिकायतों के संदर्भ में संबंधित पक्षों एवं स्थानीय लोगों की बात विस्तार से सुनी।

उपायुक्त कार्यालय में आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि तथा शिकायतकर्ता उपस्थित रहे। उपायुक्त ने सभी पक्षों को अपनी-अपनी बात रखने का पूरा अवसर प्रदान किया और शिकायत से जुड़े प्रत्येक बिंदु पर गंभीरता से चर्चा की। इस दौरान संबंधित उप-मंडलाधिकारी (नागरिक) तथा चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन निष्पक्ष, पारदर्शी एवं लोकतांत्रिक चुनाव प्रक्रिया के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राप्त शिकायत के संबंध में सभी तथ्यों और परिस्थितियों का विधिसम्मत परीक्षण किया गया है। मामले की समीक्षा के उपरांत जिला परिषद वार्ड की मतगणना से संबंधित कोई ऐसा तथ्य या गंभीर अनियमितता सामने नहीं आई है।

उपायुक्त ने उपस्थित लोगों को अवगत करवाया कि संबंधित वार्ड के चुनाव परिणाम विधिवत घोषित किए जा चुके हैं तथा वर्तमान परिस्थितियों में परिणामों के संबंध में कोई प्रशासनिक हस्तक्षेप निर्वाचन नियमों के अनुरूप संभव नहीं है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पंचायती राज निर्वाचन नियम, 1994 के अंतर्गत यदि किसी प्रत्याशी, मतदाता अथवा संबंधित पक्ष को चुनाव परिणाम अथवा चुनाव प्रक्रिया के संबंध में कोई आपत्ति या शिकायत है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत सक्षम प्राधिकारी के समक्ष निर्वाचन याचिका प्रस्तुत कर सकता है।

उपायुक्त ने लोगों से लोकतांत्रिक संस्थाओं और निर्वाचन प्रक्रिया में विश्वास बनाए रखने का आग्रह किया तथा आश्वस्त किया कि प्रशासन प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेता है और कानून एवं नियमों के अनुरूप निष्पक्ष कार्यवाही सुनिश्चित करता है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया की पवित्रता एवं जनविश्वास को बनाए रखना है तथा सभी कार्य पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किए जाएंगे।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed