हिमाचल विधानसभा का बजट सत्र शुरू, राज्यपाल ने गिनाई सरकार की उपलब्धियां
हिमाचल विधानसभा का बजट सत्र शुरू, राज्यपाल ने गिनाई सरकार की उपलब्धियां
हिमाचल: प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र सोमवार दोपहर दो बजे से शुरू हुआ। ये बजट सत्र 28 मार्च तक चलेगा। 17 मार्च को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने कार्यकाल का तीसरा बजट पेश करेंगे।
सत्र के पहले दिन की कार्यवाही की शुरुआत राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल के अभिभाषण के साथ हुई। राज्यपाल ने सदन में दोपहर 2 बजे से अभिभाषण पढ़ना शुरू किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस सरकार की दो साल की उपलब्धियां बताईं। राज्यपाल ने कहा कि मेरी सरकार ने छह गारंटियों को पूरा किया। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि वर्तमान वित्त वर्ष में सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहे लोगों के मानदेय को बढ़ाया है। समाज के कमजोर वर्गों के लिए सरकार ने कई योजनाएं चलाई हैं। राज्य सरकार असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के कल्याण के लिए भी दृढ़संकल्प है। शुक्ल ने कहा कि गत दो वर्षों से सरकार ने शिक्षा क्षेत्र में सुधार कार्य किए हैं। राज्यपाल ने कहा कि राज्य सरकार ने खिलाड़ियों के लिए डाइट मनी में बढ़ोतरी करने के अलावा अन्य सुविधाओं में भी वृद्धि की है। खेल कोटे में 20 खेलों को शामिल करने का मामला प्रक्रिया के अधीन है। शुक्ल ने कहा कि नशे के दलदल से युवाओं को बचाने के लिए सरकार कड़े कदम उठा रही है। महिलाओं के सशक्तीकरण पर भी सरकार का खास ध्यान है। राज्य सरकार ने बेटियों को अलग पारिवारिक इकाई मानते हुए उन्हें बेटों के बराबर अधिकार देने का कानून बनाया है। राज्यपाल ने कहा कि प्रदेश सरकार के अपने दो साल के शासनकाल में 6 गारंटियों को पूरा कर दिया है। जिनमें ओपीएस की बहाली, महिलाओं को चरणबद्ध ढंग से 1500 यूपीए की सम्मान राशि देना, युवाओं को स्वरोजगार के लिए 680 करोड़ रुपये का फंड शुरू करना, गाय और भैंस के दूध के खरीद मूल्य में वृद्धि और गोबर की खरीद शामिल है।