शिमला के कई स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी …
शिमला के कई स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी …
शिमला: राजधानी शिमला में सोमवार सुबह शहर के कई निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। ईमेल के जरिये आई इस धमकी के बाद कई स्कूलों को एहतियातन तुरंत खाली करवाया गया और सुरक्षा कारणों को देखते हुए शहर के कई स्कूलों में सुबह ही छुट्टी कर दी गई। स्कूल प्रशासन ने अभिभावकों को फोन और मैसेज के जरिए बच्चों को तुरंत घर ले जाने के लिए सूचित किया। सूचना मिलते ही अभिभावकों में अफरा-तफरी मच गई और वे जल्दबाजी में स्कूल पहुंचकर अपने बच्चों को वापस लेने पहुंचे । मामले की जानकारी मिलते ही शिमला पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते की मदद से स्कूल परिसरों की गहन तलाशी ली गई। हालांकि सर्च ऑपरेशन में किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक पदार्थ बरामद नहीं किया गया है।
वहीं शिमला पुलिस ने बताया कि शिमला क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों को ईमेल के माध्यम से बम संबंधी धमकियां प्राप्त होने की सूचना संज्ञान में आई है ।अभी तक ये सूचनाएं जनरल तौर पर है किसी विद्यालय विशेष को नहीं सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिला पुलिस द्वारा मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुरूप त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई की जा रही है। प्रभावित विद्यालय परिसरों में पुलिस टीमों द्वारा व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया है। प्रत्येक स्थल का विधिवत निरीक्षण एवं सत्यापन किया जा रहा है। किसी भी संभावित जोखिम को ध्यान में रखते हुए आवश्यक एहतियाती उपाय अपनाए गए हैं, जिनमें परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा स्थानीय प्रशासन एवं विद्यालय प्रबंधन के साथ सतत समन्वय शामिल है।
वर्तमान में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की पुष्टि नहीं हुई है। स्थिति पूर्णतः नियंत्रण में है तथा पुलिस द्वारा निरंतर निगरानी रखी जा रही है।
शिमला पुलिस ने आम नागरिकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, शांति बनाए रखें तथा सतर्क रहें।