शिमला: महिलाओं के कपड़े पहनकर चोरी करते दो गिरफ्तार..
शिमला: महिलाओं के कपड़े पहनकर चोरी करते दो गिरफ्तार..
शिमला: जिला शिमला पुलिस द्वारा चोरी के एक मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है। उक्त अभियोग शिकायतकर्ता दया राम निवासी कंगनाधार, न्यू शिमला की शिकायत पर पंजीकृत किया गया था। शिकायत के अनुसार दिनांक 08/09.04.2026 की मध्य रात्रि को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा बीसीएस स्थित दया राम बॉटल स्टोर का शटर तोड़कर लगभग ₹35,000 नकद चोरी कर लिया गया था। पुलिस ने मामले में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें आरोपी भीष्म सिंह पुत्र भजन सिंह, निवासी गांव जसुई, उप-तहसील रोहनाट, जिला सिरमौर, आयु 19 वर्ष शामिल है। दूसरा आरोपी विधि अनुसार जुवेनाइल श्रेणी से संबंधित है, जिसके संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई गई है। अनुसंधान के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी चोरी की वारदातों को अंजाम देते समय पहचान छिपाने एवं पुलिस से बचने के उद्देश्य से महिलाओं के वेश में रहते थे, ताकि संदेह से बचा जा सके। प्रारंभिक जांच में यह भी पाया गया है कि दोनों आरोपी इसी थाना क्षेत्र में दर्ज एक अन्य चोरी के मामले में भी संलिप्त हैं, जो 5 अप्रैल को दर्ज हुआ था। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।