मण्डी: नगर परिषद नेरचौक चुनाव: पहले दिन 10 नामांकन पत्र दाखिल

मण्डी: नगर परिषद नेरचौक के वार्ड सदस्यों के चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया के पहले दिन कुल 10 नामांकन पत्र प्राप्त हुए। यह जानकारी रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी ने दी।

उन्होंने बताया कि ढांगू-2 वार्ड से तीन नामांकन पत्र दाखिल हुए, जिनमें जोध सिंह (70) तथा तेज सिंह (62) द्वारा दो सेट में नामांकन प्रस्तुत किया गया। नेर-2 वार्ड से पिंकी देवी (35) और मोनिका (33) ने नामांकन पत्र भरे। भंगरोटू वार्ड से प्रदीप सिंह (58), अमृत पाल सिंह (63) तथा अमन लखनपाल (57) ने अपने नामांकन दाखिल किए। मझैठल-1 वार्ड से सिमरो देवी (57) ने नामांकन पत्र प्रस्तुत किया, जबकि नेर-3 वार्ड से मनीराम (70) ने नामांकन दाखिल किया।

उन्होंने बताया कि ढांगू-1, नेर-1, मझैठल-2 तथा डडोर वार्डों में पहले दिन कोई नामांकन पत्र प्राप्त नहीं हुआ। रिटर्निंग अधिकारी ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगी।

नगर निगम मण्डी में पार्षदों के चुनाव के लिए नामांकन के पहले दिन एक ही नामांकन दाखिल

मण्डी:  नगर निगम मंडी में पार्षदों के चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने के पहले दिन केवल एक नामांकन पत्र प्राप्त हुआ। यह नामांकन वार्ड नंबर 12 भगवाहन (अनारक्षित) से गगन (59) पुत्र बिहारी लाल, निवासी 79/9 भगवाहन, मंडी द्वारा भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के तौर पर दाखिल किया गया। यह जानकारी सहायक निर्वाचन अधिकारी वार्ड नंबर 1 से 13 एवं एसडीएम मंडी सदर रुपिन्द्र कौर ने दी।

उन्होंने बताया कि पहले दिन अन्य किसी भी वार्ड से कोई नामांकन दाखिल नहीं किया गया। वहीं, वार्ड नंबर 14 और 15 से भी कोई नामांकन पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। इस संबंध में जानकारी सहायक निर्वाचन अधिकारी वार्ड नंबर 14 और 15 एवं एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी ने दी।

रूपिन्द्र कौर ने बताया कि 30 अप्रैल और 2 मई को प्रातः 11 बजे से सायं 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकते हैं। नामांकन पत्रों की जांच 4 मई को की जाएगी, जबकि 6 मई तक नाम वापस लिए जा सकते हैं।

नगर परिषद् जोगिन्दर नगर में पहले दिन एक नामांकन पत्र दाखिल

*जोगिन्दर नगर: नगर परिषद् जोगिन्दर नगर के वार्ड सदस्यों के चुनाव हेतु नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन आज एक नामांकन पत्र दाखिल किया गया।

इस बात की पुष्टि करते हुए रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम जोगिन्दर नगर मनीश चौधरी ने बताया कि नामांकन के पहले दिन वार्ड नंबर 7 से निर्मला देवी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। जबकि अन्य छह वार्डों से आज कोई भी नामांकन पत्र प्राप्त नहीं हुआ।

उन्होंने बताया कि नगर परिषद् जोगिन्दर नगर की चुनावी प्रक्रिया के तहत 30 अप्रैल तथा 2 मई को प्रातः 11 बजे से सायं 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। प्राप्त नामांकन पत्रों की जांच 4 मई को की जाएगी। इच्छुक उम्मीदवार 6 मई को सायं 3 बजे तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।

उन्होंने बताया कि नाम वापसी की प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत चुनाव मैदान में रहने वाले प्रत्याशियों को उसी दिन चुनाव चिन्ह (प्रतीक) आबंटित किए जाएंगे।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed