ज़िला में पैट्रोल, डीज़ल तथा घरेलू गैस की आपूर्ति सुचारू – DC मनमोहन शर्मा

ज़िला स्तरीय सार्वजनिक वितरण समिति एवं सतर्कता समिति की समीक्षा बैठक आयोजित

सोलन : उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि ज़िला सोलन में पैट्रोल, डीज़ल तथा घरेलू गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और ज़िला प्रशासन यह सुनिश्चित बना रहा है कि उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना न करना पड़े। मनमोहन शर्मा आज यहां ज़िला स्तरीय सार्वजनिक वितरण समिति एवं ज़िला स्तरीय सतर्कता समिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

मनमोहन शर्मा ने कहा कि ज़िला सोलन में वर्तमान में 20 गैस एजैंसियां कार्यरत हैं। इनके पास 2,07,021 घरेलू गैस उपभोक्ता पंजीकृत हैं। उन्होंने कहा कि सभी उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति सुचारू रूप से सुनिश्चित बनाई जा रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं से आग्रह किया कि वह एल.पी.जी. व पैट्रोल तथा डीज़ल की आपूर्ति को लेकर घबराएं नहीं। प्रदेश सरकार के निर्देश पर ज़िला प्रशासन इस दिशा में पूर्ण सजग है।

उन्होंने सभी गैस एजैंसियों को रसोई गैस सिलेण्डरों के विरतण के कार्य में प्रयुक्त वाहनों पर लाउड स्पीकर स्थापित करने के निर्देश तथा निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार गैस सिलेण्डर वितरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभाग के निरीक्षकों को बाज़ार में व्यावसायिक सिलेण्डरों की जांच करने के भी निर्देश दिए ताकि नियमानुसार सुचारू व्यवस्था बनी रहे।

उपायुक्त ने कहा कि ज़िला में 354 उचित मूल्य की दुकानों द्वारा दिसम्बर, 2025 से फरवरी, 2026 तक विभिन्न श्रेणियों के उपभोक्ताओं को उनकी पात्रता के अनुसार आवश्यक वस्तुएं वितरित की गई हैं। इनमें लगभग 5950 क्विंटल चीनी, लगभग 29437 क्विंटल चावल, लगभग 52900 क्विंटल गन्दम आटा, लगभग 7437 क्विंटल दालें, लगभग 1668 क्विंटल आयोडाइज्ड नमक तथा 561385 लीटर खाद्य तेल वितरित किया गया है। उन्होंने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को उचित मूल्य की दुकानों में विक्रय की जा रही खाद्य वस्तुओं का समय-समय पर निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में विभिन्न स्थानों पर उचित मूल्य दुकानें खोलने के विषय पर विस्तृत चर्चा की गई।

उपायुक्त ने कहा कि ज़िला सोलन में 1064 विद्यालयों में 54503 बच्चों को मिड डे मील के तहत दोपहर का भोजन उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को मिड डे मील में दिए जाने वाले भोजन की समय-समय पर जांच करने के निर्देश दिए।

बैठक में शिक्षा विभाग द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2013 के अंतर्गत कार्यान्वित की जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।

इस अवसर पर ज़िला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले श्रवण कुमार हिमालयन, ज़िला पंचायत अधिकारी जोगिन्द्र प्रकाश राणा, ज़िला चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित रंजन तलवार, खण्ड विकास अधिकारी सोलन रमेश शर्मा, ज़िला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पदम देव शर्मा, उप निदेशक उच्च शिक्षा गोपाल चौहान, उप निदेशक प्राथमिक शिक्षा रीता गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed