कांग्रेस सरकार अपने दायित्व से भाग रही है, जनता को धोखा देकर बनाई सत्ता – राकेश जम्वाल
कांग्रेस सरकार अपने दायित्व से भाग रही है, जनता को धोखा देकर बनाई सत्ता – राकेश जम्वाल
धर्मशाला : भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखे प्रहार करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने 2022 में कांग्रेस पार्टी को सत्ता की चाबी सौंप कर हिमाचल प्रदेश के विकास और जनता के कल्याण का दायित्व सौंपा था। यह बात अलग है कि कांग्रेस पार्टी ने यह मैंडेट जनता को झूठी गारंटियां और खोखले वादे करके हासिल किया, लेकिन इसके बावजूद प्रदेश की संपूर्ण जिम्मेदारी कांग्रेस पार्टी और उसकी सरकार की है, भाजपा की नहीं।
राकेश जमवाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार लगातार अपने दायित्वों से भाग रही है और जनता को भ्रमित करने के लिए भाजपा पर आरोप मढ़ रही है। जनता को इस बात से कोई मतलब नहीं कि भाजपा पाँच गुटों में है या दस में, क्योंकि जनता ने वोट कांग्रेस को दिया था और सत्ता की कुर्सी कांग्रेस को सौंपी थी। इसलिए जवाबदेही कांग्रेस सरकार की है, न कि विपक्ष की। कांग्रेस सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि लाखों बेरोजगारों के साथ जो छल किया गया है, उसका जवाब कौन देगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 28 लाख बहनों को भी अपनी झूठी गारंटियों के जाल में फंसा कर धोखा दिया है। आज प्रदेश की महिलाएं खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही हैं और इसका जवाब केवल कांग्रेस सरकार को देना होगा। तीन साल का कार्यकाल पूरा करने जा रही कांग्रेस सरकार ने प्रदेश को दिशा देने के बजाय ध्यान भटकाने की राजनीति अपनाई है।
राकेश जमवाल ने कहा कि आज प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है। माफिया राज, गुंडाराज और चिट्टा माफिया खुलकर सक्रिय हैं। जनता असुरक्षित महसूस कर रही है, लेकिन मुख्यमंत्री और मंत्रीमंडल मौन हैं। कांग्रेस सरकार प्रदेश की बिगड़ती स्थिति पर आंख मूंदे बैठी है और हर विफलता के लिए भाजपा को दोष देने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि बदहाल सड़कें, ठप विकास, भ्रष्टाचार का बोलबाला, भाई-भतीजावाद और “हिमाचल ऑन सेल” जैसी स्थिति का पूरा जिम्मा कांग्रेस सरकार पर है। भाजपा पर ठीकरा फोड़ने से कांग्रेस अपनी नाकामियां नहीं छिपा सकती। प्रदेश की जनता अब जवाब चाहती है—क्योंकि जनता ने भरोसा कांग्रेस पर किया था और अब उसी कांग्रेस से हिसाब भी लेगी।