चंबा: घर पर पत्थर गिरने से दंपती की मौत; फरवरी में हुई थी शादी
चंबा: घर पर पत्थर गिरने से दंपती की मौत; फरवरी में हुई थी शादी
हिमाचल: प्रदेश के चंबा जिला के विकास खंड मैहला की ग्राम पंचायत चड़ी के सूताह गांव में रविवार रात भारी बारिश ने कहर बरपाया। बारिश के चलते हुए भूस्खलन और चट्टानों के गिरने से एक मकान पूरी तरह से ध्वस्त हो गया, जिसमें नवविवाहित पति-पत्नी दब गए। मलबे से महिला का शव तो निकाल लिया गया है, लेकिन उसका पति अब भी मलबे में दबा हुआ है। जिस महिला का शव मिला है, उसका नाम पल्लवी है वहीं, उसका पति राहुल गांव कियानी अभी लापता है। ग्रामीणों और प्रशासन की टीम द्वारा रेस्क्यू कार्य जारी है। यह दर्दनाक हादसा उस समय हुआ जब नवविवाहिता महिला अपने पति के साथ अपने मायके आई हुई थी। बताया जा रहा है कि इन दोनों की शादी इसी वर्ष फरवरी माह में चंबा के कियानी गांव में हुई थी।
हादसे के समय पति-पत्नी परिवार के अन्य सदस्यों से अलग, पास में ही एक नए मकान में सोए हुए थे। पुराने मकान में सो रहे अन्य परिजन बाल-बाल बच गए, लेकिन ये नवविवाहित जोड़ा मलबे में दब गया। ग्रामीणों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया, जिसमें महिला का शव निकाल लिया गया है, जबकि पुरुष की तलाश जारी है। घटनास्थल पर पहुंची प्रशासनिक टीम हालात का जायजा ले रही है।