शिमला: प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आज हिमाचल निर्माता, प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉक्टर यशवंत सिंह परमार को उनकी पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते हुए पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनके छायाचित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उन्हें याद किया।
पार्टी नेताओं ने कहा कि डॉक्टर परमार की राजनैतिक और विकास की सोच से प्रदेश आज शिखर पर है। उन्होंने कहा है कि डॉक्टर परमार के आदर्श और उनकी सोच आज भी हमारा विकास का मार्ग प्रशस्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सदैव उनका ऋणी रहेगा।
पार्टी कार्यालय में वन निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष छतर सिंह ठाकुर सहित बलदेव ठाकुर, कमला नेगी ,मनीषा मेहता, भगत राम बुशहरी, देवेंद्र कुमार रत्न, सूरज, रोहित बैंस, मोहम्मद मुश्ताक,व पार्टी के कई अन्य कार्यकर्ताओं ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने हिमाचल प्रदेश के निर्माता, प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉक्टर यशवंत सिंह परमार जी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए है।
प्रतिभा सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर कहा है कि प्रदेश के निर्माण और इसके विकास में डॉक्टर परमार जी के अतुल्य योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।