संजौली कॉलेज से 6 छात्रों के अवैध निष्कासन के खिलाफ एसएफआई का प्रदेश के महाविद्यालयों में उग्र प्रदर्शन
संजौली कॉलेज से 6 छात्रों के अवैध निष्कासन के खिलाफ एसएफआई का प्रदेश के महाविद्यालयों में उग्र प्रदर्शन
शिमला : हिमाचल प्रदेश राज्य कमेटी के आह्वान पर प्रदेश के अलग-अलग महाविद्यालय में संजौली महाविद्यालय से निष्कासित 6 छात्रों के गैरकानूनी निष्कासन के खिलाफ प्रदेश भर में उग्र प्रदर्शन किये गये। एसएफआई राज्य अध्यक्ष अनिल ठाकुर ने मीडिया में बयान जारी करते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार व संजौली महाविद्यालय प्रशासन के तानाशाहपूर्ण रवैये के खिलाफ हिमाचल के सभी महाविद्यालयों में कैंपस डेमोक्रेसी को बचाए रखने के लिए और लोकतांत्रिक अधिकारों की सुरक्षा के लिए यह धरना प्रदर्शन किए गए। स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया शुरू से ही इस बात को मुखर करती आई है कि छात्रों को उनके जनवादी अधिकार दिए जाएं लेकिन हिमाचल प्रदेश की राज्य सरकार छात्रों के जनवादी अधिकारों को कुचलने का काम हिमाचल प्रदेश के अंदर बीते 10 वर्षों से कर रही है।
2013 में छात्र संघ चुनाव पर लगा प्रतिबंध इसका एक जीता जागता उदाहरण है। पूर्व में प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे स्व. वीरभद्र सिंह, उसके बाद हिमाचल प्रदेश के भूतपूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जो खुद भी एक राजनीति के छात्रों की राजनीति से उठकर आए हैं और वर्तमान में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने भी छात्र संघ चुनाव को हल करने के बजाय कैंपस में छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों को खत्म करने का प्रयास पिछले 2 सालों के अंदर हिमाचल प्रदेश के अंदर किया है।
जिसका जीता जागता उदाहरण संजौली कॉलेज में अपने हक की लड़ाई लड़ रहे छात्र हॉस्टल की बढ़ी हुई फीस के खिलाफ कॉलेज में बेतहाशा बढ़ी कैंटीन के रेट के खिलाफ व कॉलेज में लिंग संवेदनशील कमेटी के गठन के निर्माण को लेकर लड़ रही लड़ाई को जिस तरह से हिमाचल प्रदेश की सरकार के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और संजौली कॉलेज के प्रशासन जिनमें से खास तौर पर कांग्रेस सरकार की चाटुकारिता करने वाले प्राध्यापक की तानाशाही के कारण 6 छात्रों को उनकी शिक्षा से दूर किया गया। इन्हीं के कारण लगभग 6 महीने से छात्र अपनी पढ़ाई से दूर होकर मानसिक तनाव के चलते परेशानियों का सामना कर रहे हैं और न ही इन्हें अपनी कक्षाओं को लगाने दिया जा रहा है।
स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ़ इंडिया राज्य कमेटी हिमाचल प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुखु की सरकार और विश्वविद्यालय व संजौली महाविद्यालय प्रशासन से यह मांग कर रही है कि संजौली कॉलेज से किये गए 6 छात्रों के अवैध निष्कासन को तुरंत वापिस ले ताकि शिक्षा के अधिकार से यह सब छात्र वंचित न हो। एसएफआई ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर छात्रों के अवैध निष्कासन को वापिस नहीं लिया जाता है तो एसएफआई द्वारा प्रदेश के छात्रों को लामबंद करते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।