जयराम न रुकवाएं, तो प्रदेश को भूभू जोत टनल मिलना तयः मुख्यमंत्री
जयराम न रुकवाएं, तो प्रदेश को भूभू जोत टनल मिलना तयः मुख्यमंत्री
माण्डी: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू आज जिला मंडी के जोगिन्द्रनगर विधानसभा क्षेत्र पहुंचे। जोगिन्द्रनगर के मेला ग्राउंड में उन्होंने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा वर्तमान राज्य सरकार की नीतियों से हिमाचल प्रदेश अपने पांव पर खड़ा होने लगा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कड़े फैसले ले रही है, जिसका लाभ प्रदेशवासियों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान जोगिन्द्रनगर विधानसभा क्षेत्र के लिए 2.26 करोड़ रुपये की मदद प्रदान की गई है।
उन्होंने कहा कि भूभू जोत टनल का मामला प्रधानमंत्री के साथ उठाया गया है और अगर जयराम ठाकुर इस परियोजना को रुकवाने दिल्ली न जाएं तो यह टनल हिमाचल प्रदेश को मिलना तय है। उन्होंने कहा कि मंडी-पठानकोट राजमार्ग बीच-बीच में टू लेन था लेकिन हम पूरी सड़क फोर लेन करवाने के लिए प्रयास कर रहे हैं, जिससे पर्यटन बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि शानन परियोजना को वापस हासिल करने के लिए राज्य सरकार सुप्रीम कोर्ट में मजबूती के साथ कानूनी लड़ाई लड़ रही है।
भाजपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने वर्ष 2017-2022 तक हिमाचल प्रदेश की संपदा को लुटाया, लेकिन वर्तमान राज्य सरकार ने चोर दरवाजों को बंद किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राजनीतिक लाभ के लिए विधानसभा चुनाव से पहले 5000 करोड़ रुपये की रेवड़ियां बांट दी और बिजली-पानी फ्री कर दिया। बड़े-बड़े होटलों को भी सब्सिडी का लाभ दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने सब्सिडी का युक्तिकरण किया, लेकिन आम आदमी पर कोई बोझ नहीं डाला गया है। पिछले 20 महीने राज्य सरकार ने चोर दरवाजे बंद करके 2200 करोड़ रुपये का राजस्व कमाया है। राज्य सरकार ने ओपीएस दी और चार प्रतिशत डीए की एक और किश्त जारी की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने हिमाचल प्रदेश में ऑपरेशन लोट्स के माध्यम से एक चुनी हुई सरकार को गिराने का प्रयास किया। उन्होंने कांग्रेस सरकार को फिर से 40 सीटें प्रदान करने के लिए हिमाचल प्रदेश की जनता का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा ‘‘भोले का भगवान होता है। इस उप-चुनाव के दौरान छः नए लोगों को फिर से विधायक बनने का मौका मिला है। यह चुनाव सरकार बचाने का चुनाव नहीं था, बल्कि लोकतंत्र की मजबूती और प्रदेश की जनता के सम्मान का चुनाव था। प्रदेश की जनता ने कांग्रेस सरकार को एक बार फिर जनादेश दिया।’’ उन्होंने कहा कि चुनाव में हार के बावजूद भाजपा हिमाचल प्रदेश को बदनाम करने के लिए नए-नए हथकंडे अपना रही है।