बिलासपुर: दंपत्ति की हत्या के तीनों आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर: बरमाणा थाना के तहत ग्राम पंचायत सिकरोहा के चंदपुर (भोजपुर) गांव में हुई पति-पत्नी की हत्या की गुत्थी सुलझ गई है। पड़ोसी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर चोरी के लिए बुजुर्ग दंपती की हत्या की थी। पुलिस ने वारदात के 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार मृतक दंपती के बेटे ने पुलिस को बताया था कि गांव का ही रहने वाला एक व्यक्ति उनके घर पर अक्सर आता-जाता रहता है। उसे घर की हर गतिविधि की भी जानकारी होती है। पुलिस ने उस व्यक्ति को पूछताछ के लिए थाना बुलाया। पहले वह सहयोग करने में आनाकानी करता रहा। सख्ती करने पर उसने वारदात के बारे खुलासा किया। साथ ही वारदात में शामिल अपने दो साथियों के नाम भी बताए। पुलिस ने दोनों साथियों को भी पकड़ लिया है। आरोपियों को जल्द ही अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा।

पुलिस का कहना है कि आरोपी करीब एक महीने से वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। वहीं, मृतक दंपती के बेटे के अनुसार घर पर जल्द ही धार्मिक आयोजन कराया जाना था, जिसके घर पर करीब पांच लाख रुपये रखे थे। इसके अलावा लाखों रुपये के गहने भी थे, जिन्हें आरोपी चोरी कर ले गए हैं।

दोहरे हत्या कांड को अंजाम देने वाले आरोपियों में 22 साल का युवक भी शामिल है। आरोपियों की पहचान पड़ोसी भूराराम(37) पुत्र छोटा राम निवासी गांव भोजपुर डाकघर सुई सुरहाड़ जिला बिलासपुर, सुमन कुमार (22) पुत्र चमारू राम गांव बोही डाकघर बैरल तहसील अर्की जिला सोलन और मनोज कुमार उर्फ मंत्री (34) पुत्र कृष्ण चंद निवासी गांव खारसी डाकघर साई खारसी जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed